देश के कई हिस्सों में मानसून का असर अलग-अलग देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार मध्यप्रदेश, राजस्थान समेत 10 राज्यों में अगले पांच दिनों तक मानसून कमजोर रहने की संभावना है, जिससे इन क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां सीमित रह सकती हैं।
वहीं दूसरी ओर उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा जैसे पूर्वी एवं पर्वतीय राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी हिस्से से बादलों का पूर्वी राज्यों की ओर खिसकना इसकी मुख्य वजह माना जा रहा है।
मिजोरम में बाढ़ और भूस्खलन से बढ़ी परेशानी
मिजोरम के लुंगलेई जिले में लगातार बारिश के कारण खावथलांगतुइपुई नदी का जलस्तर बढ़ गया है। एहतियात के तौर पर 80 से अधिक परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। राज्य में 29 स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं दर्ज की गई हैं। वहीं लुंगलेई जिले के बुआल्ते गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-54 बंद होने से कई पर्यटक पिछले चार दिनों से फंसे हुए हैं।
उत्तराखंड में बारिश से 118 सड़कें बंद
उत्तराखंड में बीते 24 घंटों के दौरान तेज बारिश और भूस्खलन के चलते प्रदेशभर में 118 सड़कें बंद हो गई हैं। हरिद्वार जिले में नदी में डूबने से एक किशोर की मौत हो गई। वहीं यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग का करीब 100 मीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे आवाजाही प्रभावित हुई है।
हिमाचल में 320 से ज्यादा सड़कें बाधित
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के कारण 320 से अधिक सड़कें बंद हो गई हैं, जबकि 200 से ज्यादा बिजली ट्रांसफॉर्मर भी प्रभावित हुए हैं। सोलन जिले में सड़क से गुजर रही एक कार पर पहाड़ी से बड़े पत्थर गिर गए, जिससे एक बच्चे सहित चार लोग घायल हो गए। प्रशासन राहत और बहाली कार्य में जुटा हुआ है।