देश के करीब 70 प्रतिशत हिस्सों से मानसून की सक्रियता फिलहाल कमजोर पड़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, पश्चिमी मध्यप्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में अगले पांच दिनों तक बारिश की संभावना कम बनी हुई है।
बारिश की गतिविधियां घटने के कारण मध्य प्रदेश, दिल्ली और पश्चिमी उत्तरप्रदेश सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राजस्थान के श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे गर्मी और उमस का असर बढ़ गया है।
उत्तराखंड और हिमाचल में भारी बारिश से हालात प्रभावित
हालांकि देश के कुछ हिस्सों में शनिवार को भारी बारिश देखने को मिली। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की घटनाएं हुईं। इसके चलते दोनों राज्यों में कुल 440 सड़कें बंद हो गईं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
पूर्वी यूपी, बिहार और मेघालय में भारी बारिश
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और मेघालय के कई इलाकों में बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही वर्षा का असर अब मैदानी इलाकों में भी दिखाई देने लगा है। गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है और प्रयागराज तथा ऋषिकेश से जलस्तर बढ़ने की तस्वीरें सामने आई हैं।