देश के अधिकांश हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी बनी हुई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, इस समय उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में अच्छी बारिश का दौर जारी है। वहीं सोमवार को बिहार और पश्चिम बंगाल समेत 18 राज्यों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तराखंड में लैंडस्लाइड से सड़कें बाधित
लगातार हो रही बारिश के चलते उत्तराखंड में कई स्थानों पर भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की घटनाएं सामने आई हैं। इसके कारण दो राष्ट्रीय राजमार्ग सहित कुल 126 सड़कें बंद हो गई हैं। स्यानाचट्टी के पास ऋषिकेश-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग लगातार तीसरे दिन भी यातायात के लिए बंद रहा। वहीं तवाघाट-गुंजी हाईवे भी मलबा आने के कारण प्रभावित है।
हरियाणा और दिल्ली में बढ़ा नदियों का जलस्तर
हिमाचल प्रदेश से लगातार पानी आने के कारण हरियाणा में यमुना और मारकंडा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। इससे कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। दूसरी ओर, दिल्ली में रविवार को यमुना नदी में नहाने गए चार बच्चे तेज बहाव की चपेट में आ गए। देर रात तक चले राहत एवं बचाव अभियान के दौरान दो बच्चों के शव बरामद कर लिए गए, जबकि अन्य की तलाश जारी रही।
18 राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार सहित कुल 18 राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। बिहार की राजधानी पटना समेत 19 जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। विभाग के अनुसार, अगले 6 से 7 दिनों तक उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत के कई इलाकों में अच्छी बारिश जारी रहने की संभावना है।