नई दिल्ली- भारतीय रेलवे 15 जुलाई से IRCTC की वेबसाइट का नया बीटा वर्जन लॉन्च करने जा रहा है। नए पोर्टल में टिकट बुकिंग प्रक्रिया को पहले से ज्यादा तेज, आसान और यूजर-फ्रेंडली बनाया गया है। कैप्चा और बार-बार आने वाले पॉप-अप हटाए गए हैं, वहीं एक ही स्क्रीन पर सभी क्लास की सीटों की उपलब्धता देखने की सुविधा भी मिलेगी। रेलवे का दावा है कि नए सिस्टम से टिकट बुकिंग में लगने वाला समय कम होगा और यूजर्स का अनुभव बेहतर बनेगा।
15 जुलाई से मिलेगा नया अनुभव
भारतीय रेलवे 15 जुलाई को IRCTC वेबसाइट का नया बीटा वर्जन लॉन्च करेगा। लॉन्च से पहले जयपुर के मालवीय नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MNIT) में छात्रों को इसका लाइव डेमो दिखाया गया। रेलवे ने छात्रों से फीडबैक लेकर पोर्टल को और बेहतर बनाने की दिशा में काम किया है।
कैप्चा और पॉप-अप से मिलेगी राहत
नए पोर्टल में टिकट बुकिंग के दौरान बार-बार आने वाले कैप्चा और पॉप-अप की परेशानी खत्म कर दी गई है। इसके साथ ही सभी क्लास में सीटों की उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर दिखाई देगी, जिससे यात्रियों को अलग-अलग विकल्प देखने में आसानी होगी।
फास्ट चेकआउट और सेव्ड डिटेल्स की सुविधा
रेलवे ने टिकट बुकिंग के स्टेप्स कम कर दिए हैं, जिससे चेकआउट प्रक्रिया पहले से कहीं तेज होगी। साथ ही सेव्ड पैसेंजर डिटेल्स के जरिए दोबारा टिकट बुक करना भी आसान हो जाएगा, जिससे बार-बार जानकारी भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
तत्काल टिकट में बॉट्स पर लगेगी लगाम
रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान ऑटोमैटिक बॉट्स के इस्तेमाल को रोकने के लिए नए तकनीकी उपाय किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह लगातार चलने वाली प्रक्रिया है और भविष्य में इसे और मजबूत बनाया जाएगा, ताकि आम यात्रियों को अधिक अवसर मिल सके।
40 साल पुराना रिजर्वेशन सिस्टम भी होगा अपग्रेड
IRCTC का नया पोर्टल भारतीय रेलवे के पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) के साथ जोड़ा जा रहा है। वर्ष 1986 से इस्तेमाल हो रहे करीब 40 साल पुराने रिजर्वेशन सिस्टम को भी आधुनिक तकनीक के साथ पूरी तरह अपग्रेड किया जा रहा है, जिससे टिकट बुकिंग और अधिक तेज और विश्वसनीय बनेगी।
रेल मंत्री के वादे पर अमल
कुछ समय पहले MNIT जयपुर के छात्रों ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से IRCTC वेबसाइट की कमियों की शिकायत की थी। रेल मंत्री ने 15 जुलाई तक बदलाव का भरोसा दिया था और अब उसी वादे के तहत नया पोर्टल लॉन्च किया जा रहा है।