केरल में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) की नई सरकार के गठन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। सरकार में मुख्यमंत्री समेत कुल 21 मंत्री शामिल होंगे। शपथ ग्रहण से पहले रविवार को 20 मंत्रियों के नाम फाइनल कर दिए गए।
नई कैबिनेट में कांग्रेस के 12 विधायक मंत्री पद संभालेंगे। वहीं इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) के 5 विधायकों को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। इसके अलावा केरल कांग्रेस, केरल कांग्रेस (जैकब), रेवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (RSP) और CMP से एक-एक मंत्री बनाए गए हैं।
स्पीकर और डिप्टी स्पीकर के नाम तय
UDF ने कांग्रेस नेता तिरुवंचूर राधाकृष्णन को विधानसभा स्पीकर और शनीमोल उस्मान को डिप्टी स्पीकर बनाने का फैसला लिया है। पार्टी नेतृत्व का कहना है कि कैबिनेट गठन में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन का विशेष ध्यान रखा गया है।
कल सुबह 10 बजे होगा शपथ ग्रहण
नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 18 मई को तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में सुबह 10 बजे आयोजित किया जाएगा, जहां सभी मंत्री पद की शपथ लेंगे।