संसद के बजट सत्र के अंतिम दो दिन बचे हैं। 2 अप्रैल को संसद अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो जाएगी। इससे पहले आज लोकसभा में विदेशी अंशदान (विनियमन) संशोधन विधेयक 2026 को बहस और पारित करने के लिए सूचीबद्ध किया गया है।FCRA में बदलाव के लिए बिल 25 मार्च को लोकसभा में पेश किया गया था। सरकार ने स्पष्ट किया है कि जो लोग विदेशी फंडिंग का उपयोग करके जबरदस्ती धर्मांतरण में शामिल होंगे, उन्हें क्षमा नहीं किया जाएगा।
आंध्र की राजधानी के रूप में अमरावती को मान्यता देने वाला विधेयक भी आ सकता है
इसी बीच, सरकार बुधवार को लोकसभा में एक और बिल पेश कर सकती है, जिसमें अमरावती को आंध्र प्रदेश की एकमात्र और स्थायी राजधानी के रूप में कानूनी मान्यता दी जाएगी।एक बार यह बिल कानून बन जाने के बाद, अमरावती को 2 जून, 2024 से आंध्र प्रदेश की राजधानी के रूप में अधिकारिक मान्यता मिल जाएगी।
विपक्ष करेगा विरोध, कांग्रेस ने सांसदों को दिल्ली बुलाया
कांग्रेस का कहना है कि सरकार लोकसभा में विदेशी अंशदान (विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 (एफसीआरए) को जबरदस्ती पारित कराने की योजना बना रही है, लेकिन वह ऐसा नहीं होने देगी। पार्टी का मानना है कि यह विधेयक पूरी तरह असंवैधानिक है और अल्पसंख्यक समुदायों द्वारा संचालित NGO और गैर-सरकारी संगठनों को गंभीर नुकसान पहुंचाएगा।
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सांसदों को तुरंत दिल्ली पहुंचने और बुधवार को संसद की कार्यवाही में भाग लेने का निर्देश दिया है। कांग्रेस सुबह 10.30 बजे संसद के बाहर इस बिल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेगी।