मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव “हर नन्हा मन जुड़े, शिक्षा की रोशनी से "स्कूल चलें हम” अभियान के अंतर्गत राज्य स्तरीय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम 2026 का शुभारंभ बुधवार 1 अप्रैल को सुबह 9 बजे मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, टी.टी. नगर, भोपाल में करेंगे। साथ ही कार्यक्रम में विद्यार्थियों को निशुल्क साइकिल का वितरण भी करेंगे।
विद्यार्थियों को निशुल्क साइकिल का वितरण
राज्य शासन द्वारा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के किये विभिन्न सुविधाएँ प्रदान की जा रही हैं। इसके अंतर्गत मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप सहायता दी जा रही है। स्कूटी योजना एवं साइकिल वितरण योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रोत्साहन प्रदान किया जा रहा है। डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मिडिल एवं हाई स्कूल/हायर सेकेंडरी विद्यालयों में स्मार्ट क्लास की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अतिरिक्त ड्रॉपआउट विद्यार्थियों की पहचान एवं उनके पुनः नामांकन के लिये ट्रैकिंग सिस्टम भी संचालित किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।
राज्य शासन ने इस वर्ष हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्तर पर शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने का संकल्प लिया है। यह कार्यक्रम प्रदेश में शिक्षा के प्रसार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की उपलब्धता एवं विद्यार्थियों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।