लखनऊ में देर रात से तेज गरज-चमक के साथ बारिश हो रही है। हवाएं करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हैं। मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 5 से 15 मिलीमीटर तक बारिश होने की संभावना जताई गई है।
लखनऊ में रात से गरज-चमक के साथ बारिश
देर रात करीब 12 बजे मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। इसके चलते कई इलाकों में लगभग एक घंटे तक बिजली गुल रही। गोमती नगर के लोहिया चौराहा पर सुंदरीकरण के लिए लगाया गया स्ट्रक्चर तेज हवाओं में उखड़ गया।
मौसम विभाग के अनुसार, आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री के आसपास रह सकता है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहा, जो सामान्य से 5.2 डिग्री ज्यादा था। अधिकतम आर्द्रता 59% और न्यूनतम आर्द्रता 23% दर्ज की गई।