मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज अप्रैल के पहले सप्ताह में एक बार फिर तेजी से बदलने वाला है। महीने की शुरुआत आंधी-बारिश और बादलों के साथ होगी, जबकि दूसरे हफ्ते से प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रभाव दिखने लगेगा। मौसम विभाग के अनुसार, 1 से 4 अप्रैल तक कई हिस्सों में तेज हवाएं, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि का असर रहेगा। इसके बाद तापमान में तेज उछाल आने की संभावना है।
इन जिलों में बदलेगा मौसम
अगले 24 घंटे में ग्वालियर, भिंड, दतिया, टीकमगढ़, छतरपुर, रीवा, सीधी, शहडोल, आगर-मालवा, सीहोर, खंडवा, बुरहानपुर, इंदौर, उज्जैन, धार, बड़वानी सहित कई जिलों में आंधी-बारिश का असर रहेगा। शुरुआती चार दिन मौसम में ठंडक और अस्थिरता बनी रहेगी। कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश के कारण तापमान में गिरावट महसूस होगी। हालांकि, यह राहत लंबे समय तक नहीं टिकेगी। 15 अप्रैल के बाद प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तेज गर्मी और लू चलने की संभावना है।
ग्वालियर-चंबल क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित
आने वाले दिनों में ग्वालियर-चंबल क्षेत्र सबसे ज्यादा गर्म रहेगा। इसके अलावा इंदौर, भोपाल, उज्जैन और सागर संभाग के शहरों में भी तापमान तेजी से बढ़ेगा। महीने के आखिरी सप्ताह तक कई जिलों में पारा 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
यहां दिख रहा गर्मी का असर
बदलते मौसम के बीच गर्मी का प्रभाव भी महसूस हो रहा है। नर्मदापुरम में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है। खजुराहो, दमोह, रतलाम और नौगांव में भी पारा 39 डिग्री के आसपास बना हुआ है। बड़े शहरों भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में तापमान 36 से 37 डिग्री के बीच दर्ज किया गया।
बार-बार बदलता रहा मौसम
इस साल फरवरी और मार्च में मौसम कई बार बदल चुका है। कई जिलों में ओले और बारिश से फसलों को नुकसान हुआ। मार्च के आखिर तक भी आंधी-बारिश का दौर जारी रहा, जिससे गर्मी की शुरुआत टल गई थी। अब अप्रैल में मौसम का यह उतार-चढ़ाव खत्म होकर तेज गर्मी में बदलने वाला है।