मध्यप्रदेश भाजपा कार्यालय में मंत्रियों और पार्टी पदाधिकारियों की जनसुनवाई व्यवस्था के समय में बदलाव किया गया है। अब यह जनसुनवाई दोपहर के बजाय सुबह के समय होगी, ताकि अधिक से अधिक लोग अपनी समस्याएं रख सकें।
आज से लागू हुआ नया समय
नई व्यवस्था के तहत अब मंत्री और प्रदेश पदाधिकारी सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक जनता और कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनेंगे। यह समय-सारिणी आज से लागू कर दी गई है।
पहले दोपहर में होती थी बैठक
अब तक यह जनसुनवाई व्यवस्था दोपहर 1 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक संचालित होती थी। लेकिन कार्यकर्ताओं और आम लोगों की सुविधा को देखते हुए समय में बदलाव का निर्णय लिया गया है।
अवकाश को छोड़कर रोज होती है जनसुनवाई
भोपाल के प्रदेश भाजपा कार्यालय में अवकाश के दिनों को छोड़कर रोज राज्य सरकार का एक मंत्री और पार्टी का एक प्रदेश पदाधिकारी जनसुनवाई के लिए उपस्थित रहता है।
संगठन-सरकार समन्वय पर जोर
बीजेपी का मानना है कि सुबह के समय जनसुनवाई से कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों को ज्यादा सुविधा मिलेगी और समस्याओं का समाधान भी तेजी से हो सकेगा। यह कदम संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय को मजबूत करेगा।
उल्लेखनीय है कि मंत्री, सांसद व विधायकों को समस्याएं बताने वाले कार्यकर्ताओं की मदद को सहयोग सेल बनाई गई है। इसकी व्यवस्था को अधिक प्रभावी व कार्यकर्ता केंद्रित बनाने के उद्देश्य से नई व्यवस्था की गई है। अब प्रदेश कार्यालय की सहयोग सेल में आने वाले आवेदन अथवा जनहित से जुड़े विषय संगठन व कार्यकर्ता केंद्रित होंगे। आवश्यक विषयों के लिए जिलाध्यक्ष, विधायक, सांसद अथवा प्रदेश पदाधिकारियों के अनुशंसा पत्र अनिवार्य रूप से संलग्न किए जाएंगे। इससे समस्या समाधान में आसानी होगी।