आज 1 अप्रैल से कई अहम नियमों में बदलाव लागू हो गए हैं। नए वित्त वर्ष की शुरुआत कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने के साथ हुई है। तेल कंपनियों ने इसके दाम में ₹218 तक की बढ़ोतरी की है।
कॉमर्शियल सिलेंडर ₹218 महंगा
बदलाव: तेल कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम ₹218 तक बढ़ा दिए हैं। चेन्नई में इसकी कीमत ₹2246.50 और दिल्ली में ₹2078.50 हो गई है।
असर: सिलेंडर महंगा होने से रेस्टोरेंट मालिकों का खर्च बढ़ेगा, जिससे चाय, नाश्ता, थाली और कैटरिंग सेवाएं महंगी हो सकती हैं।
रेल टिकट अब 8 घंटे पहले तक ही कैंसिल
बदलाव: अब ट्रेन छूटने से 8 घंटे पहले तक ही टिकट कैंसिल करने पर रिफंड मिलेगा, पहले यह सीमा 4 घंटे थी। यात्री ट्रेन छूटने से 30 मिनट पहले तक बोर्डिंग स्टेशन बदल सकते हैं।
असर: समय पर टिकट कैंसिल नहीं करने पर पैसे का नुकसान होगा, लेकिन सख्त नियमों से कंफर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी।
फास्टैग एनुअल पास महंगा
बदलाव: NHAI ने फास्टैग एनुअल पास की कीमत में 2.5% की बढ़ोतरी की है।
असर: अब सालाना पास ₹3000 की जगह ₹3075 में मिलेगा। इससे देशभर के 200 टोल प्लाजा पर बिना रुके सफर किया जा सकेगा।
टोल प्लाजा पर कैश बंद
बदलाव: आज से सभी टोल प्लाजा पर कैश पेमेंट पूरी तरह बंद कर दिया गया है। अब केवल फास्टैग या UPI से भुगतान होगा।
असर: जिनके पास फास्टैग नहीं है या बैलेंस कम है, उन्हें डिजिटल पेमेंट पर निर्भर रहना पड़ेगा।
गाड़ियों की कीमतों में बढ़ोतरी
बदलाव: 1 अप्रैल से कॉमर्शियल और पैसेंजर वाहनों की कीमतों में 2% से 3% तक की बढ़ोतरी हुई है।
असर: जिनकी कार की बुकिंग हो चुकी है लेकिन बिल 31 मार्च तक नहीं बना, उन्हें अब बढ़ी हुई कीमत चुकानी होगी। साथ ही रजिस्ट्रेशन चार्ज भी महंगे हो सकते हैं।