महंगाई का असर अब आम लोगों की रसोई पर साफ नजर आने लगा है। नए वित्तीय वर्ष यानी 1 अप्रैल से इंदौर सहित मध्यप्रदेश के कई प्रमुख शहरों में दूध की कीमतों में बढ़ोतरी होने जा रही है।
इंदौर के साथ अन्य जिलों में भी बढ़े दाम
दूध विक्रेताओं ने नई दरों की घोषणा कर दी है। इंदौर में जहां 3 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि की गई है, वहीं पास के धार जिले में दूध 4 रुपए प्रति लीटर तक महंगा हो गया है।
मध्यप्रदेश दुग्ध विक्रेता महासंघ के अध्यक्ष के मुताबिक, यह बढ़ोतरी सिर्फ इंदौर तक सीमित नहीं है। भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, देवास और बड़वाह जैसे शहरों में भी 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक कीमतें बढ़ाई जाएंगी।
आगे भी बढ़ सकते हैं दाम
संघ का कहना है कि पशु आहार जैसे कपास खली, चारा और भूसे की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। यदि यही स्थिति बनी रही, तो आने वाले समय में दूध के दामों में फिर से संशोधन किया जा सकता है।