गुरुग्राम- हरियाणा के गुरुग्राम में सोमवार को बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। ई-मेल के जरिए एमिटी स्कूल, सालवान पब्लिक स्कूल, एयरफोर्स स्कूल और मिनी सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इसी ई-मेल में 17 जुलाई को जींद में प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में भी बम विस्फोट की धमकी दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंच गए।
स्कूल खाली कराए गए, बच्चों को सुरक्षित घर भेजा गया
धमकी मिलने के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित स्कूलों से छात्रों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला। एहतियात के तौर पर स्कूलों की छुट्टी कर दी गई और बच्चों को उनके अभिभावकों के साथ घर भेज दिया गया। सभी परिसरों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
प्रारंभिक जांच में बांग्लादेश के IP एड्रेस का संकेत
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि धमकी भरा ई-मेल बांग्लादेश से जुड़े एक IP एड्रेस से भेजा गया है। हालांकि, जांच अभी जारी है और एजेंसियां ई-मेल की वास्तविक उत्पत्ति तथा भेजने वाले की पहचान की पुष्टि कर रही हैं।
जींद और गुरुग्राम पुलिस हाई अलर्ट पर
ई-मेल में प्रधानमंत्री की जींद रैली का भी जिक्र होने के बाद गुरुग्राम और जींद पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। साइबर सेल ई-मेल की तकनीकी जांच कर रही है, जबकि सभी संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
अब तक कुछ संदिग्ध नहीं मिला
पुलिस के अनुसार, अब तक किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हैं और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।