नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और नेपाल के ऐतिहासिक रिश्तों को और मजबूत बनाने पर जोर दिया है। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के भारत दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग, सांस्कृतिक संबंधों और कनेक्टिविटी को लेकर अहम चर्चा हुई। पीएम मोदी ने नेपाल को 15 हजार करोड़ रुपये की भारतीय मदद देने का ऐलान किया।
'नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे', पीएम मोदी ने याद किया 2018 का जनकपुर दौरा
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में भारत और नेपाल के साझा इतिहास, संस्कृति और आस्था का जिक्र किया। उन्होंने 2018 में अपनी जनकपुर यात्रा को याद करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम और माता सीता भारत-नेपाल की साझा सभ्यता और आस्था के प्रतीक हैं।मोदी ने कहा, "नेपाल के बिना हमारे धाम अधूरे हैं और नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं।" उन्होंने दोनों देशों के सदियों पुराने सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंधों को और मजबूत बनाने की बात कही।
नेपाल को 15 हजार करोड़ रुपये की विकास सहायता
भारत सरकार की ओर से नेपाल को कुल 15 हजार करोड़ भारतीय रुपये की विकास सहायता दी जाएगी। इसमें 3,500 करोड़ रुपये अनुदान के रूप में पुनर्निर्माण और नई बुनियादी परियोजनाओं के लिए दिए जाएंगे, जबकि 11,500 करोड़ रुपये ऊर्जा क्षेत्र की परियोजनाओं के लिए ऋण सुविधा के रूप में होंगे।
इस सहायता का उद्देश्य नेपाल में आपदा के बाद पुनर्निर्माण, बुनियादी ढांचे के विकास और ऊर्जा क्षेत्र को मजबूत करना है। परियोजनाओं और सहायता के क्रियान्वयन की प्रक्रिया दोनों देशों के आपसी परामर्श से तय होगी।
बालेन शाह बोले- हिमालय की तरह मजबूत हैं भारत-नेपाल के रिश्ते
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने भी भारत के साथ संबंधों को नई ऊंचाई देने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि नेपाल और भारत के रिश्ते हिमालय की तरह मजबूत और समुद्र की तरह विशाल हैं।बालेन शाह ने भारत सरकार और यहां के लोगों का सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के लोग एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं और आपसी सहयोग से विकास के नए रास्ते खुलेंगे।
काठमांडू-भैरहवा-लखनऊ हवाई रूट अब दोनों तरफ से होगा शुरू
भारत और नेपाल के बीच हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने को लेकर भी अहम सहमति बनी है। दोनों देशों ने काठमांडू-भैरहवा-लखनऊ B345 हवाई मार्ग को एकतरफा से दोतरफा करने पर सहमति जताई है।इस फैसले के बाद लखनऊ से विमान भैरहवा के रास्ते काठमांडू जा सकेंगे। इससे दोनों देशों के बीच यात्रियों की आवाजाही और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इस व्यवस्था के तकनीकी पहलुओं को आगे की बातचीत में अंतिम रूप दिया जाएगा।
भारत-नेपाल संबंधों में सहयोग का नया अध्याय
प्रधानमंत्री मोदी और बालेन शाह की मुलाकात में आर्थिक सहयोग, ऊर्जा, व्यापार, परिवहन और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। दोनों देशों ने 'विकसित भारत और समुन्नत नेपाल' के साझा विजन को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई।इस दौरान अयोध्या-जनकपुर के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस को भी रवाना किया गया। दोनों देशों के बीच रेल, सड़क और सीमा से जुड़ी कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में भी कई कदम उठाए गए।