प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने छह दिवसीय विदेश दौरे के अंतिम चरण में न्यूजीलैंड पहुंच गए हैं। करीब 40 वर्षों बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का यह न्यूजीलैंड दौरा हो रहा है। इससे पहले वर्ष 1986 में तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने न्यूजीलैंड की यात्रा की थी। इस दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और रणनीतिक सहयोग को मजबूत करने पर विशेष जोर रहेगा।
भारत-न्यूजीलैंड के बीच FTA समझौते पर होगी चर्चा
न्यूजीलैंड पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी द्विपक्षीय बैठकों में हिस्सा लेंगे। इस दौरान भारत और न्यूजीलैंड के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को अंतिम रूप देने पर चर्चा होगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री एक बिजनेस समिट और खेल से जुड़े कार्यक्रम में भी भाग लेंगे। यह दौरा दोनों देशों के आर्थिक और व्यापारिक संबंधों को नई मजबूती देने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
ऑकलैंड में भारतीय समुदाय को करेंगे संबोधित
प्रधानमंत्री मोदी ऑकलैंड में भारतीय समुदाय के लगभग 40 हजार लोगों को संबोधित करेंगे। उनके स्वागत के लिए भारतीय समुदाय ने 'किया ओरा मोदी' कार्यक्रम का आयोजन किया है। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भारतीय मूल के लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
ऑस्ट्रेलिया दौरे में की थी बिग बैश लीग को लेकर बड़ी घोषणा
न्यूजीलैंड रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित बिग बैश लीग (BBL) का उद्घाटन मुकाबला 12 दिसंबर को चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेला जाएगा। यह पहली बार होगा जब किसी विदेशी क्रिकेट लीग का आधिकारिक मैच भारत में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और पूर्व क्रिकेट कप्तान स्टीव वॉ भी मौजूद रहे।