पीएम नरेंद्र मोदी ने लोक आस्था और सूर्य उपासना के चार दिन के पावन अनुष्ठान महापर्व छठ के शुभारंभ पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं की हैं. उन्होंने कामना की कि सबको छठी मइया का आशीर्वाद मिले. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर किया है.
पीएम मोदी ने लिखा, "लोक आस्था और सूर्य उपासना के चार दिवसीय पावन अनुष्ठान महापर्व छठ के शुभारंभ पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं. आज नहाय-खाय है. सभी व्रतियों को मेरा नमन. सबको छठी मइया का आशीर्वाद मिले, यही कामना है."
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी दी शुभकामनाएं
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी छठ पर्व के शुभारंभ पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने लिखा, "लोकआस्था, पवित्रता और अटूट श्रद्धा का महापर्व छठ आज नहाय-खाय के पावन अनुष्ठान के साथ प्रारंभ हो रहा है. भगवान सूर्य की उपासना और छठी मैया की आराधना को समर्पित यह महापर्व हमारी समृद्ध आध्यात्मिक व सांस्कृतिक परंपरा का अनुपम प्रतीक है."
उन्होंने लिखा, "समस्त देशवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं. व्रत का संकल्प ले रहे सभी व्रतियों को मेरा सादर नमन और वंदन. छठी मैया और सूर्यदेव की असीम कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि बनी रहे व सभी की मनोकामनाएं पूर्ण हों."