हेग। चार यूरोपीय देशों की यात्रा पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीदरलैंड के द हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए दुनिया को ऊर्जा संकट और वैश्विक अस्थिरता को लेकर गंभीर चेतावनी दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि लगातार युद्ध, महामारी और ऊर्जा संकट जैसे हालात अगर जल्द नहीं सुधरे, तो दुनिया की दशकों की उपलब्धियां खत्म हो सकती हैं और करोड़ों लोग दोबारा गरीबी की चपेट में आ सकते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज मानवता कई बड़ी चुनौतियों से गुजर रही है और यह दशक पूरी दुनिया के लिए आपदाओं का दशक बनता जा रहा है।
“अगर हालात नहीं बदले तो सब कुछ खत्म हो सकता है”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि पहले दुनिया ने कोरोना महामारी का सामना किया, फिर कई हिस्सों में युद्ध शुरू हो गए और अब ऊर्जा संकट जैसी स्थिति सामने खड़ी है। उन्होंने कहा, “अगर हालात जल्द नहीं सुधरे, तो बीते दशकों में दुनिया ने जो उपलब्धियां हासिल की हैं, वे खत्म हो सकती हैं। दुनिया की बड़ी आबादी फिर गरीबी के जाल में फंस सकती है।” पीएम मोदी ने वैश्विक स्थिरता और सहयोग की जरूरत पर भी जोर दिया।
भारत की उपलब्धियों का दुनिया के सामने किया जिक्र
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि चुनौतियों के बावजूद भारत लगातार तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में भारत ने धरती से चंद्रमा की दूरी से 11 गुना ज्यादा ऑप्टिकल फाइबर बिछाया है।उन्होंने कहा कि एक समय भारत मोबाइल फोन आयात करता था, लेकिन आज देश दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल मैन्यूफैक्चरिंग हब बन चुका है।पीएम मोदी ने कहा कि आज दुनिया भारत को एक “Innovation Power” के रूप में देख रही है और भारतीय डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर की चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है।
“भारत का युवा अब आसमान छूना चाहता है”
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज का भारत बड़े सपने देख रहा है और देश सिर्फ बदलाव नहीं बल्कि दुनिया में सर्वश्रेष्ठ बनने की दिशा में काम कर रहा है।उन्होंने कहा कि भारत का युवा अब सीमित सोच से बाहर निकल चुका है और हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छूना चाहता है। उन्होंने कहा कि भारत इस समय अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है।
स्टार्टअप और AI सेक्टर में तेजी से आगे बढ़ रहा भारत
पीएम मोदी ने भारत के स्टार्टअप इकोसिस्टम का जिक्र करते हुए कहा कि 12 साल पहले देश में 500 से भी कम स्टार्टअप थे, जबकि आज उनकी संख्या दो लाख से अधिक हो चुकी है। उन्होंने कहा कि 2014 में भारत में केवल चार यूनिकॉर्न थे, जबकि अब यह संख्या करीब 125 तक पहुंच चुकी है। सिर्फ 2025 में ही 44 हजार नए स्टार्टअप रजिस्टर्ड हुए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय स्टार्टअप्स AI, डिफेंस और स्पेस सेक्टर में शानदार काम कर रहे हैं और दुनिया में अपनी पहचान बना रहे हैं।
सेमीकंडक्टर और रिसर्च सेक्टर में भी भारत की बड़ी छलांग
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत रिसर्च और इनोवेशन के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले साल भारत में लाखों पेटेंट फाइल किए गए। उन्होंने कहा कि भारत अब सेमीकंडक्टर सेक्टर में भी बड़ा कदम उठा चुका है और देश में 12 सेमीकंडक्टर प्लांट काम कर रहे हैं। इनमें से दो प्लांट्स में उत्पादन भी शुरू हो चुका है। पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले समय में “डिजाइन इंडिया” और “मेड इन इंडिया” चिप्स दुनिया में भारत की नई पहचान बनेंगे।