नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने NEET-UG परीक्षा विवाद को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि NEET परीक्षा में 22 लाख छात्रों के साथ धोखा हुआ है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मुद्दे पर चुप हैं। राहुल गांधी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल बर्खास्त करने की मांग करते हुए कहा कि अगर ऐसा नहीं होता तो इसकी जिम्मेदारी खुद प्रधानमंत्री को लेनी चाहिए।
सोशल मीडिया पर सरकार को घेरा
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “NEET के 22 लाख बच्चों के साथ धोखा हुआ है, लेकिन मोदी जी एक शब्द भी नहीं बोल रहे हैं। धर्मेंद्र प्रधान जी को अभी हटाइए या जवाबदेही खुद लीजिए।” उन्होंने अंग्रेजी में भी लिखा, “Modi ji, SACK Dharmendra Pradhan ji NOW.”
छात्रों की आत्महत्या का मुद्दा उठाया
इससे पहले राहुल गांधी ने NEET परीक्षा रद्द होने के बाद कथित तौर पर आत्महत्या करने वाले छात्रों का मुद्दा भी उठाया था। उन्होंने उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के छात्र ऋतिक मिश्रा और गोवा के एक अन्य छात्र का जिक्र करते हुए कहा कि परीक्षा रद्द होने से छात्र मानसिक रूप से टूट गए थे। राहुल गांधी ने कहा, “ये बच्चे परीक्षा से नहीं हारे, इन्हें भ्रष्ट व्यवस्था ने मारा है। यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सिस्टम द्वारा की गई हत्या है।”
परीक्षा घोटालों के आंकड़े गिनाए
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि साल 2015 से 2026 के बीच देश में 148 परीक्षा घोटाले सामने आए, जबकि 87 परीक्षाएं रद्द करनी पड़ीं। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से करीब 9 करोड़ छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। राहुल गांधी के मुताबिक, कई मामलों की जांच सीबीआई और ईडी जैसी एजेंसियों ने की, लेकिन अब तक किसी बड़े आरोपी को सजा नहीं मिली।
“जिम्मेदारों पर नहीं होती कार्रवाई”
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि परीक्षा घोटालों में शामिल लोगों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई नहीं करती। उन्होंने कहा कि घोटाले करने वालों को संरक्षण मिलता है, जबकि मेहनत करने वाले छात्र परेशान होते हैं। राहुल गांधी ने कहा कि कई मामलों में अधिकारियों को हटाने के बाद बाद में बड़े पदों पर बैठा दिया जाता है।
21 जून को दोबारा होगी NEET परीक्षा
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के बाद NEET-UG 2026 परीक्षा दोबारा कराने का फैसला लिया है। अब यह परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। इससे पहले परीक्षा 3 मई को हुई थी।