कोलकाता। राज्य की सत्ता संभालने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पहली बार उत्तर बंगाल के दौरे पर जा रहे हैं। राज्य सचिवालय सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री 20 मई को उत्तर बंगाल के सभी जिलों के अधिकारियों के साथ अहम प्रशासनिक बैठक करेंगे। इस बैठक में दार्जिलिंग, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर समेत अन्य जिलों के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और सिलीगुड़ी सिटी पुलिस कमिश्नर सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों को उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।
विकास और कानून व्यवस्था पर रहेगा फोकस
सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री की इस बैठक में विकास परियोजनाओं की प्रगति, प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर विशेष चर्चा हो सकती है। राज्य प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी बैठक की तैयारी में जुट गए हैं और इसकी विस्तृत रूपरेखा तैयार की जा रही है।
21 मई को दुर्गापुर में होगी दूसरी बड़ी बैठक
मुख्यमंत्री 21 मई को शिल्पांचल दुर्गापुर में पांच जिलों के अधिकारियों के साथ प्रशासनिक समीक्षा बैठक करेंगे। इस बैठक में पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम बर्दवान, वीरभूम और पूर्व बर्दवान के प्रशासनिक अधिकारी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री सचिवालय की ओर से इन जिलों को औपचारिक सूचना भेज दी गई है। माना जा रहा है कि सरकार विभिन्न विकास परियोजनाओं और प्रशासनिक योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लेने की तैयारी कर रही है।
1 जून से शुरू हो सकता है जनता दरबार
नबान्न सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी आम लोगों की शिकायतें सुनने के लिए जनता दरबार शुरू करने की तैयारी में हैं। जानकारी के अनुसार, यह जनता दरबार सप्ताह में एक या दो दिन लगाया जा सकता है, जहां मुख्यमंत्री दो घंटे तक लोगों की समस्याएं सुनेंगे। बताया जा रहा है कि इस दौरान उनके साथ एक या दो वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन यह कार्यक्रम 1 जून से शुरू हो सकता है।