जलपाईगुड़ी जिले के पाटकाटा इलाके में तृणमूल कांग्रेस की पूर्व राजगंज प्रत्याशी और एशियन गेम्स गोल्ड मेडलिस्ट स्वप्ना बर्मन के घर में आग लगने की घटना ने पश्चिम बंगाल की राजनीति को गर्मा दिया है। शुक्रवार रात करीब 8 बजे लगी इस आग की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, इसलिए किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
बंद पड़े घर में लगी आग, पुलिस जांच में जुटी
स्थानीय पुलिस के अनुसार, जिस घर में आग लगी वहां फिलहाल कोई नहीं रहता था। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि बंद कमरे में रखी ईंधन की लकड़ियों में किसी तरह आग लग गई। हालांकि पुलिस आगजनी, साजिश और राजनीतिक दुश्मनी- तीनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक जांच के बाद ही आग लगने की असली वजह साफ हो पाएगी।
स्वप्ना बर्मन बोलीं- “राजनीति में आना मेरी गलती थी”
घटना के बाद स्वप्ना बर्मन ने सोशल मीडिया पर भावुक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “अगर पहले पता होता कि राजनीति में आने के बाद ऐसा होगा, तो मैं कभी राजनीति में नहीं आती। आज मेरा घर भी जला दिया गया।”
सिलीगुड़ी मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव हारने के बाद से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं और उनके परिवार को भी डराया जा रहा था।
अभिषेक बनर्जी ने BJP पर लगाया बड़ा आरोप
इस मामले पर TMC के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने भाजपा पर सीधा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि “भाजपा के गुंडों” ने स्वप्ना बर्मन के घर में आग लगाई है। अभिषेक ने कहा कि देश के लिए गोल्ड मेडल जीतने वाली खिलाड़ी को सिर्फ इसलिए निशाना बनाया जा रहा है क्योंकि उन्होंने तृणमूल कांग्रेस का साथ चुना।
उन्होंने कहा, “अगर किसी खिलाड़ी को उसकी राजनीतिक पसंद की वजह से डर और हिंसा का सामना करना पड़े, तो यह लोकतंत्र के लिए बेहद चिंता की बात है।”
चुनाव हारने के बाद बढ़ा विवाद
स्वप्ना बर्मन फरवरी में तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुई थीं और राजगंज विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। हालांकि उन्हें भाजपा उम्मीदवार दिनेश सरकार से 21 हजार से ज्यादा वोटों से हार का सामना करना पड़ा। चुनाव परिणाम आने के बाद से ही इलाके में राजनीतिक तनाव की खबरें सामने आती रही हैं।
खेल जगत से राजनीति तक का सफर
स्वप्न बर्मन ने 2018 एशियन गेम्स में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया था। इसके अलावा 2017 एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी उन्होंने स्वर्ण पदक हासिल किया था। खेलों में शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 2019 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।