मुंबई,- मुंबई के प्रतिष्ठित ताज होटल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। रविवार देर रात एक अज्ञात व्यक्ति ने नवी मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर दावा किया कि "दाऊद ने ताज होटल में बम रखा है।" सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस, बम निरोधक दस्ते (BDDS) और क्राइम सीन इन्वेस्टिगेशन टीम ने होटल परिसर में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ।
रात 12:13 बजे आया धमकी भरा कॉल
पुलिस के मुताबिक रात करीब 12:13 बजे नवी मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कॉल आया। कॉलर ने ताज होटल में बम होने का दावा किया। इसके तुरंत बाद सूचना मुंबई पुलिस के मुख्य कंट्रोल रूम को भेजी गई, जिसके बाद कोलाबा पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं।
होटल के हर हिस्से की हुई गहन जांच
धमकी के बाद ताज होटल की मुख्य लॉबी, स्विमिंग पूल, रेस्टोरेंट, बैंक्वेट हॉल, पार्किंग, बाहरी परिसर और अन्य संवेदनशील स्थानों की सघन तलाशी ली गई। बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) ने पूरे परिसर की जांच की, लेकिन किसी भी तरह का विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री नहीं मिली।
तुर्भे इलाके से किया गया था कॉल
पुलिस की तकनीकी जांच में सामने आया कि धमकी भरा फोन कॉल नवी मुंबई के तुर्भे इलाके से किया गया था। कॉल करने वाले की पहचान के लिए पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। तुर्भे पुलिस स्टेशन की मदद से संदिग्ध की तलाश जारी है।
फर्जी कॉल या साजिश? पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
फिलहाल पुलिस इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि कॉल फर्जी हो सकता है, लेकिन सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। कॉल करने वाले की पहचान के बाद उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।