तमिलनाडु के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की सिफारिश पर राज्यपाल विश्वनाथ अर्लेकर ने राज्य मंत्रिमंडल के विभागों का आधिकारिक बंटवारा कर दिया है। शनिवार, 16 मई 2026 को लोक भवन की ओर से जारी सूची के अनुसार मुख्यमंत्री विजय ने गृह, सार्वजनिक प्रशासन और महिला एवं युवा कल्याण समेत कई अहम विभाग अपने पास रखे हैं।
मुख्यमंत्री समेत 10 मंत्रियों को सौंपे गए विभाग
तमिलनाडु सरकार की ओर से मुख्यमंत्री सहित कुल 10 मंत्रियों के विभाग तय किए गए हैं। मुख्यमंत्री जोसेफ विजय सार्वजनिक प्रशासन, पुलिस, महिला कल्याण और युवा कल्याण जैसे प्रमुख विभागों की जिम्मेदारी संभालेंगे।
वहीं एन. आनंद को ग्रामीण विकास और जल संसाधन विभाग, आधाव अर्जुना को लोक निर्माण एवं खेल विकास विभाग, के.ए. सेंगोट्टैयन को वित्त विभाग और डॉ. के.जी. अरुणराज को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सौंपा गया है।इसके अलावा पी. वेंकटरामनन को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग और आर. निर्मल कुमार को ऊर्जा एवं कानून विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
मंत्रियों और विभागों की सूची
मंत्री — विभाग
जोसेफ विजय (मुख्यमंत्री) — सार्वजनिक प्रशासन, IAS, IPS, IFS, जिला राजस्व प्रशासन, पुलिस, गृह मंत्रालय, विशेष कार्यक्रम कार्यान्वयन, महिला एवं युवा कल्याण, बाल कल्याण, बुजुर्ग और दिव्यांगजन कल्याण, नगर निगम प्रशासन और शहरी जल आपूर्ति
एन. आनंद — ग्रामीण विकास, पंचायत, गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम, ग्रामीण ऋण और सिंचाई परियोजनाएं
आधाव अर्जुना — लोक निर्माण विभाग, राजमार्ग और खेल विकास
डॉ. के.जी. अरुणराज — स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा और परिवार कल्याण
के.ए. सेंगोट्टैयन — वित्त, पेंशन और पेंशन भत्ता विभाग
पी. वेंकटरामनन — खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, उपभोक्ता संरक्षण और मूल्य नियंत्रण
आर. निर्मल कुमार — ऊर्जा संसाधन और कानून विभाग
राजमोहन — स्कूल शिक्षा, तमिल विकास, सूचना एवं प्रचार विभाग
डॉ. टी.के. प्रभु — खनिज और खदान विभाग
सेल्वी एस. कीर्थना — उद्योग और निवेश प्रोत्साहन विभाग
पुलिस विभाग में भी बड़ा फेरबदल
विभागों के बंटवारे से पहले तमिलनाडु सरकार ने पुलिस विभाग में भी बड़े स्तर पर फेरबदल किया था। गुरुवार, 14 मई 2026 को जारी आदेश के तहत 10 से अधिक वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का तबादला किया गया।
सरकारी आदेश के अनुसार खुफिया शाखा की डीजीपी बी. बाला नागा देवी को साइबर क्राइम शाखा, चेन्नई का डीजीपी नियुक्त किया गया है। वहीं तमिलनाडु सहकारी दुग्ध उत्पादक परिसंघ के मुख्य सतर्कता अधिकारी राजीव कुमार को प्रशिक्षण पुलिस महानिदेशक बनाया गया है।