UAE के अल धफरा क्षेत्र स्थित बराकाह न्यूक्लियर एनर्जी प्लांट के बाहर ड्रोन हमले की घटना सामने आई है। हमले के बाद प्लांट के एक बिजली जनरेटर में आग लग गई। अधिकारियों ने बताया कि प्लांट के सभी महत्वपूर्ण सिस्टम और मशीनें सुरक्षित हैं और सामान्य तरीके से काम कर रही हैं। इस हमले की जिम्मेदारी अभी तक किसी संगठन या देश ने नहीं ली है, लेकिन शुरुआती आशंका ईरान की ओर जताई जा रही है।
ईरान पर जताया जा रहा शक
हाल के दिनों में ईरान लगातार UAE को चेतावनी देता रहा है। युद्ध के दौरान UAE में इजराइल के एयर डिफेंस सिस्टम और अमेरिकी सैनिकों की मौजूदगी को लेकर भी तनाव बढ़ा हुआ है। इसी बीच ड्रोन हमले की घटना ने क्षेत्रीय सुरक्षा चिंताओं को और बढ़ा दिया है।
एक और LPG टैंकर सुरक्षित भारत पहुंचा
वहीं पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारत के लिए राहत की खबर भी सामने आई है। मार्शल आइलैंड्स के झंडे वाला LPG टैंकर ‘सिमी’ करीब 20 हजार टन एलपीजी लेकर गुजरात के कांडला पोर्ट पहुंच गया है।
टैंकर ने 13 मई को होर्मुज स्ट्रेट को सुरक्षित पार किया था। बताया जा रहा है कि युद्ध शुरू होने के बाद अब तक 15 LPG जहाज भारत पहुंच चुके हैं। इसके अलावा भारत आने वाला एक अन्य LPG जहाज ‘MV सनशाइन’ भी हाल ही में सुरक्षित तरीके से होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर चुका है।