देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, इस समय भारी बारिश की गतिविधियां मुख्य रूप से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों तक सीमित हैं। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए उत्तराखंड के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में तीन राष्ट्रीय राजमार्ग सहित 100 से अधिक सड़कें बंद हैं। वहीं बिहार की राजधानी पटना समेत 19 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, उत्तराखंड, मध्यप्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और हिमाचल प्रदेश में येलो अलर्ट जारी किया है। जबकि राजस्थान, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, तेलंगाना, आंध्रप्रदेश, केरल और कर्नाटक में फिलहाल किसी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।
हरियाणा में बढ़ा नदियों का जलस्तर
हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में हो रही लगातार बारिश का असर हरियाणा में भी देखने को मिल रहा है। यमुना और मारकंडा नदी का जलस्तर बढ़ने से कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। नदियों के उफान पर होने से मैदानी इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है और कई गांवों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
अगले कुछ दिनों तक बढ़ सकती है उमस
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम और पश्चिम-मध्य भारत के मैदानी क्षेत्रों में अगले 6 से 7 दिनों तक बारिश की गतिविधियां कमजोर रह सकती हैं। बंगाल की खाड़ी या अन्य क्षेत्रों में नया मानसूनी सिस्टम बनने के बाद ही बारिश में तेजी आने की संभावना है। तब तक कई इलाकों में तेज धूप और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।
यूपी में 65 जिलों में बारिश का अनुमान
उत्तरप्रदेश में राजधानी लखनऊ सहित करीब 65 जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लगभग 30 जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। मऊ, बलिया, देवरिया और गोरखपुर समेत 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के 29 जिलों में सामान्य और 10 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। अगले तीन दिनों तक कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है। हालांकि 15 जुलाई के बाद मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ने की संभावना है, जिससे तापमान बढ़ सकता है और लोगों को फिर से गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है।
इन जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग ने महाराजगंज, मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, कुशीनगर, गाजियाबाद, अलीगढ़, मुजफ्फरनगर, मथुरा, आगरा, एटा, मैनपुरी, देवरिया, हाथरस (महामाया नगर), कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज समेत कई जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक और आंधी की चेतावनी जारी की है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।