वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। घटना के बाद वियतनाम में भारतीय दूतावास ने स्थानीय प्रशासन के साथ संपर्क बनाए रखते हुए राहत एवं बचाव कार्य पर नजर रखने की बात कही है। प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए दूतावास ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।
फु क्वोक द्वीप के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, ओशन पियर आइलैंड कंपनी की स्पीडबोट दोपहर करीब 1 बजे पर्यटकों को लेकर होन में रूट से एन थोई पोर्ट की ओर जा रही थी। इसी दौरान फु क्वोक द्वीप के पास समुद्र में नाव अचानक पलट गई, जिससे उसमें सवार सभी 36 लोग समुद्र में गिर गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद पर्यटक नौकाएं और स्थानीय बचाव दल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
21 लोगों की बची जान, 15 की हुई मौत
बचाव अभियान के दौरान स्पीडबोट में सवार सभी 36 लोगों को समुद्र से बाहर निकाला गया। इनमें 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि 15 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और 13 पुरुष शामिल बताए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, हादसे के समय समुद्र में तेज लहरें थीं, हालांकि मौसम सामान्य था और बारिश नहीं हो रही थी। नौसेना, कोस्ट गार्ड, बॉर्डर गार्ड और अन्य एजेंसियों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
भारतीय दूतावास ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि वह स्थानीय अधिकारियों के लगातार संपर्क में है और मामले की निगरानी कर रहा है। प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए हो ची मिन्ह सिटी और हनोई में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। हो ची मिन्ह सिटी कंट्रोल रूम के लिए +84 36 281 7930, +84 91 552 3714 और +84 33 452 0414 पर संपर्क किया जा सकता है। वहीं हनोई स्थित कंट्रोल रूम के लिए हेल्पलाइन नंबर +84 91 308 9165 जारी किया गया है। दूतावास ने कहा है कि किसी भी सहायता या जानकारी के लिए ये हेल्पलाइन 24 घंटे उपलब्ध हैं।