कोलकाता: पश्चिम बंगाल की फलता विधानसभा सीट पर 21 मई को होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। शनिवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की कड़ी चेतावनी के बाद, रविवार को बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने फलता में एक जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर चौके-छक्के बरसाए। उनके पूरे भाषण में बंगाल फतह का जबरदस्त आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। शमिक भट्टाचार्य ने जनता को आश्वस्त किया कि टीएमसी अब 'अतीत' बन चुकी है और नए दौर में लोग खुलकर राहत की सांस ले रहे हैं।
"एकें बाबू के सिर पर बाल आ सकते हैं, पर TMC की वापसी नामुमकिन"
व्यंग्यात्मक लहजे में विरोधी खेमे पर निशाना साधते हुए शमिक भट्टाचार्य ने कहा, "बंगाल के सिंहासन पर अब बीजेपी का राज है। 293 सीटों में से 207 सीटें अब भगवा खेमे के पास हैं।" बाकी बची एक सीट पर भी जीत का पूरा भरोसा जताते हुए उन्होंने तंज कसा, "जनता ने तृणमूल कांग्रेस को पूरी तरह से निर्वासित कर दिया है। लोकप्रिय वेब सीरीज के किरदार 'एकें बाबू' के सिर पर भले ही बाल उग आएं, लेकिन तृणमूल कांग्रेस अब दोबारा कभी सत्ता में वापस नहीं आ सकती।"
अभिषेक बनर्जी के 'डीजे' वाले बयान पर पलटवार
टीएमसी का गढ़ माने जाने वाले दक्षिण 24 परगना में बीजेपी की शानदार जीत को याद दिलाते हुए शमिक बाबू ने कहा, "डायमंड हार्बर में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने दांत से दांत चबाकर (कड़ा मुकाबला) लड़ाई लड़ी है। पिछली सरकार के दौरान नेता, मंत्री और पुलिस-प्रशासन सब आपस में मिले हुए थे।"
उन्होंने टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी का नाम लिए बिना उन पर तीखा हमला बोला। गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान आरामबाग में मिताली बाग पर हुए हमले के बाद अभिषेक बनर्जी ने गाड़ी की छत पर खड़े होकर धमकी भरे लहजे में कहा था— '4 तारीख की रात 12 बजे के बाद मैं भी देख लूंगा, दिल्ली का कौन सा बाप किसे बचाता है। उस दिन रवींद्र संगीत के साथ डीजे बजेगा।'
इस पर पलटवार करते हुए शमिक भट्टाचार्य ने कहा, "यहाँ के एक नेता ने अमित शाह को चुनौती दी थी और कहा था कि 4 तारीख की रात 12 बजे के बाद वह डीजे बजाएंगे। अब वह नेता कहाँ हैं? आज डीजे की जगह टीएमसी नेताओं के घरों में हारमोनियम बज रहा है।"
"हम तुम्हें मिस कर रहे हैं, थोड़ा सामने तो आओ"
शमिक भट्टाचार्य यहीं नहीं रुके, उन्होंने अभिषेक बनर्जी को 'वीर' कहकर चिढ़ाते हुए कहा, "हम तुम्हें मिस कर रहे हैं, तुम आओ। ऐसा मत करो, थोड़ा तो सामने आओ।" उन्होंने सलाह दी कि डायमंड हार्बर के 'वीर' को अब जाकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर लेनी चाहिए।
बता दें कि 4 मई को आए चुनावी नतीजों के बाद से टीएमसी के कई बड़े नेता और मंत्री जनता के गुस्से का सामना कर रहे हैं और उन्हें छिपने की जगह नहीं मिल रही है। शमिक भट्टाचार्य के इस तेवर से साफ है कि फलता उपचुनाव में बीजेपी कोई कोर-कसर नहीं छोड़ना चाहती।