


अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राजधानी भोपाल स्थित अटल पथ पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने भाग लिया। योगाभ्यास के दौरान इन सभी नेताओं ने प्रदेशवासियों को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने योग करते हुए कहा, “आज भारतीय संस्कृति से दुनिया को परिचित कराने का गौरव दिवस है। योग से मन शांत होता है, और शांत मन से संतोष आता है। यही संतोष हमें अहिंसा की ओर ले जाता है।”
उन्होंने कोविड महामारी का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने "जियो और जीने दो" की भावना को पूरी दुनिया में फैलाया और आज योग के माध्यम से प्रकृति से जुड़ने की प्रेरणा दी जा रही है।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने दी शुभकामनाएं
सीएम डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर भी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा: "स्वस्थ्यम् सर्वदा योगेन। सभी प्रदेशवासियों एवं योग साधकों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। भारत की ऋषि परंपरा ने मानसिक, आध्यात्मिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए योग विद्या प्रदान की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने इसे विश्व मंच तक पहुंचाकर ‘विश्व बंधुत्व’ की भावना को मजबूत किया है। आइए, हम सब योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं और ‘स्वस्थ भारत – समर्थ भारत’ की दिशा में योगदान दें।"
आयोजन की मुख्य बातें-
- अटल पथ पर हजारों नागरिकों ने योगाभ्यास में हिस्सा लिया
- राजनीतिक नेतृत्व की सक्रिय भागीदारी से युवाओं में उत्साह
- राज्यभर में सरकारी संस्थानों, स्कूलों, और समाजसेवी संगठनों द्वारा योग आयोजन।