


भारतीय सेना, नौसेना और वायु सेना की दस महिला अधिकारी एक ऐतिहासिक मिशन पर निकलने वाली हैं। वे भारतीय सशस्त्र सेवा पोत (आईएएसवी) त्रिवेणी पर सवार होकर पूरी दुनिया का चक्कर लगाएंगी। यह पहली बार है जब भारतीय सेना की महिलाए ऐसा कर रही हैं। सेना ने बताया कि इस अभियान में 26,000+ समुद्री मील की दूरी तय की जाएगी। वे भूमध्य रेखा को दो बार पार करेंगी और तीन बड़े केपों को भी पार करेंगी।
इंडियन आर्मी ने X पोस्ट में बताया कि टीम दक्षिणी महासागर और ड्रेक पैसेज जैसे दुनिया के सबसे कठिन समुद्रों का सामना करेंगी। यह अभियान भारत की समुद्री यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। यह वर्दी में नारी शक्ति, तीनों सेनाओं की एकता और साहस की भावना को दर्शाता है। 11 सितंबर से महिला अफसरों का यह सफर शुरू होगा। सेना ने लिखा, यह सिर्फ एक नौकायन अभियान नहीं है। यह भारत के लिए गर्व का क्षण है। यह भारत की समुद्री यात्रा में एक मील का पत्थर है, जो वर्दी में नारी शक्ति, त्रि-सेवा एकता और साहस की भावना को दर्शाता है। बता दें कि IASV त्रिवेणी एक खास नाव है। इसे भारतीय सेना ने बनाया है।