


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को एक बार फिर पाकिस्तान और आतंकवाद के खिलाफ कड़ा रुख दिखाया। दिल्ली में आयोजित श्री नारायण गुरु और महात्मा गांधी के ऐतिहासिक संवाद की शताब्दी समारोह में पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने हाल ही में अपनी ताकत दुनिया को दिखा दी है। उन्होंने कहा कि भारतीयों का खून बहाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत ने आतंकवाद के खिलाफ एक सख्त नीति अपनाई है और 'ऑपरेशन सिंदूर' इसका बड़ा उदाहरण है। इस ऑपरेशन के ज़रिए भारतीय सेना ने सिर्फ 22 मिनट में दुश्मनों को घुटनों पर ला दिया।
खून बहाने वालों को नहीं छोड़ा जाएगा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'दुनिया ने हाल ही में देखा है कि भारत क्या कर सकता है। हमने दिखा दिया है कि जो लोग भारतीयों का खून बहाते हैं, उनके लिए कहीं भी कोई जगह सुरक्षित नहीं है। उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा। हमने सिर्फ 22 मिनट में दुश्मनों को घुटनों पर ला दिया।'
भारत अब 'मेड इन इंडिया' हथियारों से लड़ रहा है
पीएम मोदी ने यह भी बताया कि अब भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनता जा रहा है। पहले भारत को हथियारों के लिए विदेशों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब देश में बने हथियारों से ही सेनाएं मजबूत हो रही हैं। उन्होंने कहा, 'ऑपरेशन सिंदूर में हमारी सेनाओं ने मेड इन इंडिया हथियारों की मदद से काम किया। मुझे भरोसा है कि आने वाले समय में भारतीय हथियारों की पहचान पूरी दुनिया में होगी।'