


भाजपा द्वारा चंपावत जिले में जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशियों की सूची जारी होते ही लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के भीतर विरोध के सुर तेज हो गए हैं। लोहाघाट के पूर्व भाजपा विधायक और वरिष्ठ नेता पूरन सिंह फर्त्याल ने टिकट वितरण को लेकर नाराजगी जताते हुए बगावती रुख अपना लिया है।
बेटी सुष्मिता फर्त्याल उतरेगी चुनाव मैदान में
फर्त्याल ने पाटन पाटनी जिला पंचायत सीट से भाजपा प्रत्याशी सुनीता जोशी के खिलाफ अपनी बेटी सुष्मिता फर्त्याल को मैदान में उतारने का ऐलान कर दिया है। पूर्व विधायक का कहना है कि वे इस सीट पर अपनी बेटी के लिए टिकट की मांग कर रहे थे, लेकिन पार्टी नेतृत्व ने उनकी मांग को अनदेखा कर अन्य को प्रत्याशी बना दिया।
पूर्व विधायक ने प्रेसवार्ता कर भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत और प्रदेश संगठन मंत्री अजय जी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पार्टी ने निष्ठावान और समर्पित कार्यकर्ताओं की अनदेखी करते हुए उन लोगों को टिकट दे दिया जो हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं और पूर्व में पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहे हैं।
समर्पित कार्यकर्ताओं का करेंगे समर्थन, विरोधियों का खुला विरोध
फर्त्याल ने स्पष्ट किया कि वे उन भाजपा प्रत्याशियों का खुलकर समर्थन करेंगे जिन्हें वह निष्ठावान मानते हैं, लेकिन 2022 के विधानसभा चुनाव में उनके और पार्टी के खिलाफ काम करने वालों का वे विरोध करेंगे, चाहे वे अब पार्टी के प्रत्याशी ही क्यों न हों।