Jaipur: राजस्थान में अब गर्मी के तेवर तेज होने लगे हैं। सोमवार (Rajasthan Weather Update) को श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ को छोड़कर सभी शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। जालोर-डूंगरपुर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक आ गया। जयपुर-फलोदी में आज न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक बुधवार(13 मार्च) को राज्य में तापमान में थोड़ी गिरावट हो सकती है। एक हल्के प्रभाव के वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण बीकानेर संभाग में बादल छा सकते हैं और कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।
राज्य में आज भी आसमान साफ
राज्य में आज भी आसमान साफ है और सुबह से तेज धूप है। चूरू, बीकानेर, जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर के अलावा डूंगरपुर, धौलपुर, उदयपुर, कोटा, सीकर, जयपुर और अजमेर में आज न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। आज रात सबसे कम सर्दी जयपुर-फलोदी में रही, जहां न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा।
दिन का तापमान तीन डिग्री तक बढ़ा
इससे पहले सोमवार को राजस्थान में कई शहरों में दिन में गर्मी रही। अलवर, चूरू, बीकानेर, फतेहपुर, बारां में दिन का पारा 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया। सीकर में अधिकतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हुई। डूंगरपुर सबसे गर्म रहा, जहां दिन का अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जालोर में तापमान 34.8, बाड़मेर में 34.5, बारां में 34 और फलोदी में तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जयपुर में अधिकतम तापमान 1.5 डिग्री बढ़कर 31.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।
13 मार्च को रहेगा वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का प्रभाव
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 13 मार्च को दिन (Rajasthan Weather Update) के तापमान में गिरावट हो सकती है। पाकिस्तान की तरफ से एक हल्के प्रभाव का वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आ रहा है। इसके असर से बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू के एरिया में दोपहर बाद बादल छा सकते हैं और कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। इससे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है।