Jaipur: राजस्थान में कड़ाके की सर्दी से फिलहाल लोगों (Rajasthan Weather Update) को राहत नहीं है। उत्तर भारत से आ रही जेट स्ट्रीम विंड के कारण पूरे प्रदेश में गलन और ठिठुरन बढ़ गई। शहरों में दिन का तापमान सामान्य से 10 डिग्री, जबकि रात का तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया है। मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार, तेज सर्दी से 24 तक राहत नहीं मिलने की संभावना जताई है।
इन जिलों में पारा 5 डिग्री के नीचे
बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और झुंझुनूं के एरिया में आज सुबह कोहरा रहा। जयपुर, बीकानेर, अजमेर में पिछले दो दिन से कोल्ड-वेव का असर है। कोटा में आज तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ, जो सामान्य से 5 डिग्री नीचे है। गंगानगर में शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान 10.5, पिलानी में 14.7 और कोटा में 15.6 डिग्री सेल्सियस रहा। गंगानगर में कल दिन सबसे ठंडा रहा। मौसम केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि उत्तर भारत से 130-140 नोटिकल की स्पीड से चल रही हवा के कारण सर्दी तेज हो गई। उन्होंने बताया कि राज्य में कोल्ड-वेव, कोहरे का प्रभाव अभी 24 जनवरी तक रहेगा। अलवर, भरतपुर, धौलपुर, झुंझुनूं, करौली, चूरू, हनुमानगढ़, गंगानगर में सबसे ज्यादा प्रभाव रहेगा।
जयपुर में सर्द हवा से बढ़ी गलन
राजधानी जयपुर में कल से चल रही बर्फीली हवा से गलन (Rajasthan Weather Update) बढ़ गई। तेज सर्दी के कारण यहां दिन में भी लोगों को गर्म कपड़ों में तेज सर्दी का एहसास होने लगा है। यहां मिनिमम तापमान आज 7.3 डिग्री सेल्सियस, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
आबू में एक सप्ताह बाद पारा जमाव बिंदु से ऊपर आया
राजस्थान का हिल स्टेशन माउंट आबू में आज एक सप्ताह बाद लोगों को बर्फ जमा देने वाली सर्दी से मामूली राहत मिली। आज यहां न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। पिछले एक सप्ताह से यहां तापमान माइनस या शून्य पर था। दिन का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा।