Jaipur: राजस्थान में 8 अप्रैल को होने वाले वाले क्रिकेट एसोसिएशन (Rajasthan Cricket Association) के चुनाव से पहले विवाद शुरू हो गया है। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) सेक्रेटरी भवानी सामोता ने वर्तमान पदाधिकारियों की लिस्ट जारी की है। इसमें पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह और बीजेपी खेल प्रकोष्ठ के संयोजक बृज किशोर उपाध्याय का नाम नहीं है। उपाध्याय ने आरोप लगाया है कि सोची समझी साजिश के तहत मेरा और पराक्रम सिंह का नाम गायब किया गया है। आरसीए की मौजूदा कार्यकारिणी कांग्रेस सरकार के राज्य में हुए घोटाले पर मिट्टी डालना चाहती है। वे भारतीय जनता पार्टी खेल प्रकोष्ठ के संयोजक भी हैं।
क्या बोले बीजेपी खेल प्रकोष्ठ के संयोजक?
उपाध्याय ने कहा कि सामोत को लगता है कि मैं या फिर पराक्रम सिंह हम दोनों में से कोई धनंजय सिंह के खिलाफ भी चुनाव लड़ सकते हैं। इसलिए उन्होंने खुद के भ्रष्टाचार को छुपाने के लिए मेरा नाम ही वोटर लिस्ट से हटा दिया है। इससे उनकी भ्रष्ट और कांग्रेसी मानसिकता का पता चलता है। उन्होंने कहा वैसे भी भवानी सामोता और धनंजय सिंह का साथ देने वाले वही लोग हैं, जिन्होंने पिछली बार RCA चुनाव में बीजेपी समर्थक जिला संघों पर डंडे बरसाए थे।
'पूरी टीम तो कांग्रेसी मानसिकता वाली है'
तब इन लोगों ने हमें चुनाव में फॉर्म भरने तक से रोक लिया था। अभी उनमें से सिर्फ वैभव गहलोत ने ही इस्तीफा दिया है। बाकी पूरी टीम तो कांग्रेसी मानसिकता वाली है। जो सिर्फ अपने भ्रष्टाचार को छुपाने के लिए ईमानदार जिला संघों को इस चुनाव से दूर करना चाहती है। ऐसे में अब धनंजय सिंह को भी सोचना होगा कि वह कांग्रेसी नेताओं के साथ मिल क्या भाजपा के खिलाफ काम करेंगे। इस पूरे विवाद पर हमने चूरू जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष पराक्रम सिंह से उनका पक्ष जानने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि मुझे इस बारे में जानकारी नहीं है। मैने अभी तक वोटर लिस्ट नहीं देखी है। दरअसल, राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) में हेल्थ मिनिस्टर गजेंद्र सिंह खींवसर के बेटे धनंजय सिंह को अब परमानेंट अध्यक्ष बनाने की तैयारी की जा रही है।
वैभव गहलोत दे चुके हैं इस्तीफा
चुनाव के लिए सेक्रेटरी भवानी सामोता (Rajasthan Cricket Association) ने भारत के पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा और रिटायर्ड आईएएस अधिकारी टी आर मीणा को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है। इससे पहले 9 मार्च को जयपुर के केएल सैनी स्टेडियम में धनंजय सिंह को आरसीए का कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया गया था। इस दौरान मीटिंग में वैभव गहलोत के इस्तीफे को स्वीकार किया गया था। इसके बाद अब आरसीए के सेक्रेटरी भवानी सामोता ने 8 अप्रैल को चुनाव कराने का ऐलान किया है। बता दें कि राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन में अध्यक्ष पद के लिए मौजूदा कार्यकारिणी में से कोई भी पदाधिकारी चुनाव लड़ सकता है। प्रदेश में फिलहाल 33 जिला संघ है। इनमें जयपुर में एडहॉक कमेटी बनी हुई है। ऐसे में फिलहाल 32 जिला संघ के 96 पदाधिकारी अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ सकते हैं। जबकि 33 जिला संघ के सचिव अध्यक्ष पद के लिए अपना वोट दे सकते हैं।