Jaipur: राजस्थान में भाजपा का लोकसभा के लिए चुनावी अभियान (Rajasthan) शुरू हो गया है। गृह मंत्री अमित शाह ने एक ही दिन में बीकानेर, उदयपुर और जयपुर का दौरा कर 9 लोकसभा सीटों के कार्यकर्ताओं से संवाद किया। जयपुर में प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करते हुए अमित शाह ने विपक्ष पर निशाना साधा और भारत की परंपराओं का सम्मान नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भारत भले ही 1947 में आजाद हुआ हो, लेकिन उसमें प्राण अब जाकर मोदीजी ने फूंके हैं। उन्होंने एक काम के लिए कांग्रेस की तारीफ भी की।
कांग्रेस के नेता बार-बार चुप हो जाते हैं : शाह
अमित शाह ने कहा कि मैं कई बार कांग्रेस के मित्रों से ऑफ द रिकॉर्ड पूछता हूं कि आपका लक्ष्य क्या है तो चुप हो जाते हैं। मैं पूछता हूं कि विरोध क्यों करते हो तो चुप हो जाते हो। मैं पूछता हूं कि अच्छी बात का समर्थन क्यों नहीं करते हो तो चुप हो जाते हैं। मैं फिर पूछता हूं कि बार-बार चुप क्यों हो जाते हो तो भी चुप हो जाते हैं।
'अटलजी के नेतृत्व में भारत 11वें नंबर की अर्थव्यवस्था बन गया'
अमित शाह ने कहा कि अटलजी के नेतृत्व में भारत 11वें नंबर (Rajasthan) की अर्थव्यवस्था बन गया था। दस साल मनमोहन सिंह की सरकार रही। इन्होंने एक काम अच्छा किया कि भारत को 11वें से 12वें नंबर पर जाने नहीं दिया। 10 साल भारत का स्थान फ्रीज रहा, मोदी ने 10 साल में भारतीय अर्थव्यवस्था को तीसरे नंबर पर पहुंचा दिया। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस देश का विभाजन करने पर तुली है। उनके नेता यह मांग करते हैं कि उत्तर भारत और दक्षिण भारत को बांटना चाहिए। आपने राजस्थान में डबल इंजन की सरकार नहीं है, अब किसी की हिम्मत नहीं है कि यहां कौमी दंगे कर सके।
आपने लगातार हम पर विश्वास किया : शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मैं आज आपको धन्यवाद देने भी आया हूं और आशीर्वाद मांगने भी आया हूं। 2014 में जब हम आए थे, तब हमने झोली फैलाई थी तो आपने हमारी झोली कमल से भर दी। 2019 में फिर हमने आपसे कहा तो आपने हम पर विश्वास जताया और अभी 2023 में जब हमने कहा कि राजस्थान का विकास करना है तो डबल इंजन की सरकार बनानी होगी तो आपने एक बार फिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विश्वास किया।