Jaipur: जेईएन भर्ती-2020 पेपर लीक और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं (Paper Leak Case) में डमी कैंडिडेट बैठाने के मामलों को लेकर एसओजी का एक्शन लगातार जारी है। रविवार को जयपुर एसओजी की टीम ने दौसा जिला मुख्यालय और महुवा क्षेत्र के एक गांव में दबिश दी। एसओजी एएसपी नरेंद्र मीणा के नेतृत्व में टीम ने आरोपी रिंकू शर्मा के लवकुश नगर स्थित घर पर तलाशी ली और कई घंटे तक सर्च किया।
स्वरूप मीणा के घर SOG की टीम ने दी दबिश
एसओजी की एक टीम महुवा के टिकरी जाफरान गांव भी पहुंची। जहां स्वरूप मीणा के घर पर दबिश दी। पेपर लीक मामले में एसओजी को स्वरूप मीणा की तलाश है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगातार दबिश दे रही है। एएसपी नरेंद्र मीणा ने बताया- एडीजी वीके सिंह के निर्देश पर पेपर लीक प्रकरण से जुड़े मामलों की जांच जल्द पूरी करने और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार कार्यवाही की जा रही है। दौसा जिले में भी पेपर लीक प्रकरण से जुड़े संदिग्ध आरोपी चिह्नित किए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
भूपेंद्र सारण समेत ये मास्टरमाइंड गिरफ्तार
वहीं, एसओजी टीम ने पेपर लीक के मास्टरमाइंड (Paper Leak Case) को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया हैं। इनमें उदयपुर जेल से भूपेंद्र सारण, अशोक नाथावत, अजमेर जेल से शेर सिंह मीणा और जयपुर जेल से जगदीश विश्नोई को 10 दिन की रिमांड पर लिया है।
संदिग्ध चिह्नित, लगातार दे रहे दबिश
पेपर लीक से जुड़े मामले में एसओजी रिंकू शर्मा की पत्नी की भूमिका की भी जांच कर रही है। रिंकू शर्मा का भाई सरकारी स्कूल में लाइब्रेरियन है। उसकी नौकरी के दस्तावेज पूर्व में जिला शिक्षा अधिकारी से लिए थे, उनकी भी SOG जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि इन सभी के तार महुवा निवासी हर्षवर्धन पटवारी से जुड़े हुए हैं। फिलहाल हर्षवर्धन पटवारी एसओजी की रिमांड पर है। टीम डमी कैंडिडेट बैठाने के मामले को लेकर जांच में जुटी है।