Jaipur: राजस्थान में आज वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर (Rajasthan Weather Today) लगभग खत्म हो गया। अलवर, दौसा, भरतपुर के इलाके को छोड़कर शेष सभी जिलों में आसमान साफ होने लगा है। जयपुर, कोटा, जोधपुर में आज मिनिमम तापमान बढ़कर 15 डिग्री सेल्सियस तक आ गया। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अगले कुछ दिन राज्य में मौसम शुष्क रहेगा। दिन-रात के तापमान बढ़ने लगेंगे।
15 डिग्री हुआ जयपुर का तापमान
जयपुर में आज न्यूनतम तापमान तीन डिग्री बढ़कर 15 पर पहुंच गया। जयपुर के कुछ हिस्से में आज सुबह हल्के बादल भी रहे, लेकिन दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होने लगा। धूप निकलने लगी। कल यहां अधिकतम तापमान भी एक डिग्री बढ़कर 25 पर आ गया। जोधपुर, कोटा में भी आज न्यूनतम तापमान बढ़कर 15 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।
इन जिलों में छाए रहे बादल
दौसा, अलवर, भरतपुर के एरिया में आज सुबह हल्के (Rajasthan Weather Today) बादल रहे, लेकिन यहां बारिश होने की संभावना बहुत कम है। आज देर शाम से यहां आसमान साफ होगा। तापमान भी बढ़ने लगेगा। उधर अजमेर में भी आज न्यूनतम तापमान 14.8 और बाड़मेर-उदयपुर में 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बीकानेर, जैसलमेर, गंगानगर में आज न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। गंगानगर के एरिया में सुबह हल्का कोहरा भी रहा।
दिन में बढ़ने लगेगी गर्मी
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अब अगले कुछ दिन में आसमान साफ (Rajasthan Weather Today) रहने से तापमान बढ़ने लगेंगे और गर्मी बढ़ सकती है। शेखावाटी के चूरू, सीकर, झुंझुनूं के एरिया में दिन का तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है। अलवर, धौलपुर, करौली के एरिया में भी दिन के तापमान में एक-दो डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि रात के तापमान में कोई खास परिवर्तन देखने को नहीं मिलेगा।
सवाई माधोपुर में बुधवार सुबह बादल भी छाए रहे।
अब आगे क्या?
जयपुर मौसम केन्द्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि आज राज्य में पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म हो जाएगा। आसमान साफ होने से धूप निकलेगी। आगामी एक सप्ताह के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहेगा। तापमान में थोड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।