Jaipur: राजस्थान में होली नजदीक आने के साथ ही (Rajasthan Weather Update) तापमान बढ़ने लगा है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, अगले दो से तीन दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना है। इससे गर्मी का असर और तेज होने लगेगा। पश्चिमी हवा की वजह से प्रदेश के कुछ शहरों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस गिरावट आई है। लेकिन अब अगले 7 दिनों तक मौसम साफ रहने की संभावना है।
शुष्क रहेगा मौसम
जयपुर मौसम केंद्र के वैज्ञानिक हिमांशु शर्मा (Rajasthan Weather Update) ने बताया- राजस्थान में फिलहाल कोई भी वेदर सिस्टम एक्टिव नहीं है। इससे तापमान में लगातार बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है। अगले 7 दिनों तक प्रदेश में कोई नया वेदर सिस्टम एक्टिव होने की संभावना नहीं है। इसकी वजह से आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहने के साथ ही तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है।
यहां रहा सबसे ज्यादा तापमान
जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस फलोदी और 35.5 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस करौली और 10.2 डिग्री सेल्सियस हनुमानगढ़ में दर्ज किया गया। राजस्थान में पिछले 24 घंटे में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी रिकॉर्ड हुई। इसमें डूंगरपुर में 34.2 डिग्री सेल्सियस, जैसलमेर में 33.5 डिग्री सेल्सियस, जोधपुर में 32.5 डिग्री सेल्सियस, जयपुर में 30.7 डिग्री सेल्सियस, चित्तौड़गढ़ में 32 डिग्री सेल्सियस, उदयपुर में 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पश्चिमी हवाओं की वजह से प्रदेश के करौली में 9.7 डिग्री सेल्सियस सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।