Jaipur: लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने राजस्थान (Rajasthan Politics) की 10 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। घोषित सूची में युवा और अनुभवी नेताओं, दोनों को मौक़ा दिए जाने की कोशिश की गई है। इन सभी के बीच सबसे चौंकाने वाला नाम भरतपुर लोकसभा सीट पर उम्मीदवार संजना जाटव का रहा है। दरअसल, संजना जाटव की उम्र महज़ 25 वर्ष की है, जो ना सिर्फ राजस्थान के लिए अब तक घोषित कांग्रेस के 10 उम्मीदवारों में सबसे कम हैं, बल्कि भाजपा के घोषित 15 उम्मीदवारों से तुलना में भी वे ही सबसे युवा उम्मीदवार हैं।
सचिन पायलट का भी टूटेगा रिकॉर्ड !
संजना जाटव की उम्मीदवारी घोषित होने के साथ ही कांग्रेस पार्टी के सबसे चर्चित नेताओं में से एक पूर्व डिप्टी सीएम पायलट के नाम एक रिकॉर्ड की भी चर्चा होने लगी है। दरअसल, सचिन पायलट ने अपने करियर का पहला लोकसभा चुनाव वर्ष 2004 में दौसा सीट से लड़ा था। महज़ 26 वर्ष की उम्र में इस चुनाव को जीतकर तब वे लोकसभा में सबसे कम उम्र के सांसद बने थे। राजस्थान के लिहाज़ से वे आज भी सबसे युवा सांसद रहने का गौरव हासिल किए हुए हैं।ऐसे में यदि संजना जाटव चुनाव जीततीं हैं तो वे सबसे कम उम्र में चुनाव जीतने के पायलट का रिकॉर्ड तोड़ सकती हैं।
...तो बनेंगी सबसे युवा सांसद
लोकसभा चुनाव 2024 में भरतपुर सीट पर चुनाव (Rajasthan Politics) लड़ने जा रहीं संजना जाटव सबसे युवा चेहरों की फहरिस्त में सबसे ऊपर हैं। अगर जाटव 25 वर्ष की इस उम्र में इस बार का चुनाव जीत जातीं हैं, तो वे संभवतः सबसे युवा सांसद बन जाएंगी। फिलहाल भारतीय संसद की लोकसभा में सबसे कम उम्र की सांसद का तमगा ओडिशा की चंद्राणी मुर्मू के नाम है, जिन्होंने वर्ष 2019 में सोलहवीं लोकसभा चुनाव में क्योंझर लोक सभा निर्वाचन क्षेत्र से महज़ 26 वर्ष की आयु में चुनाव जीता था। मुर्मू बीजू जनता दल से हैं।
महज 409 वोट के अंतर से हारी विधानसभा चुनाव
संजना जाटव के पति कप्तान सिंह थानागाजी थाने में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत है। खुद संजना अलवर जिला परिषद की सदस्य हैं। उनके ससुर समोती ग्राम पंचायत कठूमर से सरपंच रहे हैं। संजना का जन्म एक मई 1998 को भुसावर में हुआ था। 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने चार बार के विधायक बाबूलाल बैरवा का टिकट काटकर उन्हें मैदान में उतारा था। जहां भाजपा के रमेश खींची ने 79756 मत प्राप्त किए, जबकि संजना जाटव को 79347 मत प्राप्त हुए थे। ऐसे में भाजपा के रमेश खींची 409 मतों से विजयी रहे थे।