Ajmer: अजमेर में साबरमती-आगरा कैंट (ट्रेन संख्या 12548) के इंजन और 4 कोच रविवार (Sabarmati-Agra Cantt) रात करीब एक बजे पटरी से उतर गए। घटना के समय पैसेंजर गहरी नींद में सो रहे थे। अचानक से धमाका हुआ तो पूरी ट्रेन में दहशत फैल गई। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई है। उधर, हादसे के बाद छह ट्रेनें रद्द की गई हैं और दो का रूट बदला गया है। एडीआरएम बलदेवराम ने बताया- अजमेर रेलवे जंक्शन से करीब 7 किलोमीटर आगे मदार में हादसा हुआ है। होम सिग्नल के पास सुपरफास्ट साबरमती एक्सप्रेस रविवार रात एक बजकर चार मिनट पर डिरेल हुआ। इसके कारण इंजन और चार जनरल कोच पटरी से उतर गए। रेलवे ने अजमेर जंक्शन पर हेल्प डेस्क बनाया है। हेल्पलाइन नंबर 0145-2429642 जारी किया गया है।
ये ट्रेनें हुई रद्द...
- गाड़ी संख्या 12065, अजमेर-दिल्ली सराय रोहिल्ला दिनांक 18.03.24 को रद्द।
- गाड़ी संख्या 22987, अजमेर-आगरा फोर्ट दिनांक 18.03.24 को रद्द।
- गाड़ी संख्या 09605, अजमेर-गंगापुर सिटी दिनांक 18.03.24 को रद्द।
- गाड़ी संख्या 09639, अजमेर-रेवाडी दिनांक 18.03.24 को रद्द।
- गाड़ी संख्या 19735, जयपुर-मारवाड दिनांक 18.03.24 को रद्द।
- गाड़ी संख्या 19736, मारवाड़-जयपुर दिनांक 18.03.24 को रद्द।
इन ट्रेनों का रूट बदला है...
1. गाड़ी संख्या 12915, साबरमती-दिल्ली रेल सेवा परिवर्तित मार्ग (Sabarmati-Agra Cantt) वाया दोराई-मदार (अजमेर को छोड़कर)
2. गाड़ी संख्या 17020, हैदराबाद-हिसार रेल सेवा परिवर्तित मार्ग वाया आदर्श नगर-मदार (अजमेर को छोड़कर)
राइट टाइम निकली थी ट्रेन
एडीआरएम बलदेवराम ने बताया कि ट्रेन अहमदाबाद के साबरमती से राइट टाइम निकली थी। संभवत: मालगाड़ी से कुछ हुआ है। लेकिन अभी कारण सामने नहीं आया है। जिस ट्रैक पर एक्सप्रेस ट्रेन डिरेल हुई है, बगल के ट्रैक पर मालगाड़ी थी। यात्रियों को अजमेर रेलवे स्टेशन भेजा गया है। इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी उत्तर पश्चिम रेलवे कैप्टन शशिकिरण ने बताया- ट्रैक रेस्टोरेशन का काम किया जा रहा है। डाउन लाइन पर ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया गया है।
तीन महीने पहले भी हुआ था हादसा
करीब तीन माह पहले भी अजमेर के मदार रेलवे यार्ड पर अजमेर-सियालदाह एक्सप्रेस के चार रैक पटरी से उतर गए थे। ट्रेन खाली थी। ऐसे में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। ऐसा सेफ्टी के लिए ब्रेक रिलीज करते समय रोल ओवर होने से हुआ था। सूचना के बाद रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे और रैक को वापस पटरी पर रखवाया था।
शाम तक ट्रैक कर दिए जाएंगे चालू
हादसे को लेकर 300 से अधिक कर्मचारी और अधिकारी रेस्क्यू अभियान में लगे हैं। शाम तक ट्रैक को चालू कर दिया जाएगा। फिलहाल दूसरे ट्रैक से रुकी हुई ट्रेनों को निकाला जा रहा है। रेलवे महाप्रबंधक अमिताभ, डीआरएम राजीव धनकड़ सहित अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। हादसे को लेकर 3 अधिकारियों की जांच कमेटी बनाई गई है।
सुबह साढ़े सात बजे आगे के लिए रवाना हुई ट्रेन
ट्रेन गुजरात के साबरमती से रविवार (Sabarmati-Agra Cantt) की शाम 4 बजकर 55 मिनट पर आगरा कैंट के लिए रवाना हुई थी। अजमेर में रात 12 बजकर 40 मिनट पर पहुंची। अजमेर रेलवे स्टेशन से 12 बजकर 50 मिनट पर रवाना हुई। मदार (अजमेर) में एक बजकर चार मिनट पर हादसा हुआ। सुबह 7 बजकर 28 मिनट पर ट्रेन को अजमेर से आगे के लिए रवाना किया गया। हादसे के कारण करीब साढ़े छह घंटे की देरी से ट्रेन अजमेर से चली है।