Jaipur: राजस्थान लोक सेवा आयोग की लगातार पांचवीं आरएएस भर्ती (RPSC Exam Calendar) पूरी होने में विलंब होगा। इससे आगामी भर्ती कैलेंडर भी गड़बड़ाएगा। चार-पांच महीने तक विषयवार तैयार पेपर की सुरक्षा और अन्य बंदोबस्त करने पड़ेंगे। जयपुर में गुरुवार को कैबिनेट मीटिंग में परीक्षा तिथि आगे बढ़ाने की अनुशंषा की गई। लिहाजा राजस्थान लोक सेवा आयोग को आरएएस मेंस-2023 की नई तिथियां जारी करनी होंगी।
1 अक्टूबर को हुई थी RAS प्री
आयोग ने आरएएस 2023 के 972 पदों के लिए बीते साल 28 जून को अधिसूचना जारी की थी। ऑनलाइन फॉर्म 1 से 31 जुलाई तक भरवाए जाने के बाद आरएएस-प्री 1 अक्टूबर को कराई गई।आयोग ने 20 अक्टूबर को प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी कर 19 हजार 348 अभ्यर्थियों को आरएएस मेंस परीक्षा के लिए पात्र घोषित किया। उसी दिन आयोग ने 27-28 जनवरी 2024 को मेंस परीक्षा कराने की घोषणा भी कर दी।
अब होगी देरी से भर्ती
आरएएस 2023 मेंस परीक्षा की तिथि बदलने (RPSC Exam Calendar) पर भर्ती में देरी होगा। जून-जुलाई अथवा इसके बाद मेंस परीक्षा होने पर करीब 35 से 40 महीने में परिणाम जारी होगा। इसके बाद आयोग मेंस परीक्षा में परीक्षा होने अभ्यर्थियों के साक्षात्कार कराएगा। लिहाजा अक्टूबर से दिसम्बर अथवा जनवरी-फरवरी 2025 तक ही भर्ती पूरी हो सकेगी।
पेपर सुरक्षा भी चुनौती
पूर्व में जनवरी में प्रस्तावित परीक्षा के अनुसार आयोग विषयवार पेपर तैयार करा चुका है। इन्हें चार-पांच महीने तक कड़ी सुरक्षा में रखना होगा। फिलहाल जून तक कैलेंडर में परीक्षाएं हैं। आरएएस मेंस सहित आगामी भर्तियों की परीक्षा तिथि तय होने से कलैंडर पर भी असर पड़ेगा।
पिछली भर्तियों में देरी
आरएएस 2018: प्रश्नों और 15 गुना अभ्यर्थी (RPSC Exam Calendar) पास करने से जुड़े कोर्ट विवाद। कोरोना संक्रमण से देरी। 13 जुलाई 2021 को हुई पूरी।
आरएएस 2021: प्रारंभिक परीक्षा के दस प्रश्नों पर कोर्ट केस से मेंस परीक्षा और इसके बाद साक्षात्कार में देरी। 18 नवम्बर 2023 को हुई पूरी।
आरएएस 2013: पेपर लीक के कारण स्थगित। अगस्त 2015 में हुई पूरी।
आरएएस 2016: एमबीसी आरक्षण के कारण मेंस परीक्षा में देरी। अक्टूबर 2017 में हुई। 2019 में मिली पोस्टिंग।