Jaipur: राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का प्रभाव मंगलवार (Rajasthan Weather Update) देर रात से शुरू हो गया। सरहदी जिलों में बादल छाने शुरू हो गए थे। जैसलमेर-गंगानगर के बॉर्डर एरिया पर रात में गरज-चमक के साथ कुछ जगह हल्की बारिश और बूंदाबांदी भी हुई है। हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू और फलोदी के एरिया में आज (बुधवार) सुबह से बादल छाए हैं। इससे इन शहरों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
आज ही रहेगा इस सिस्टम का असर
दूसरे शहरों में मंगलवार को तापमान बढ़ने से दिन गर्म महसूस होने लगा है। जयपुर, अजमेर, उदयपुर समेत कई शहरों में दिन का तापमान 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस सिस्टम का असर आज ही रहेगा। गुरुवार से इन इलाकों में आसमान साफ हो जाएगा। इसके बाद से राज्य में तापमान में बढ़ोतरी होगी और गर्मी सताने लगेगी।इन जिलों में हुई बारिश
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव के कारण कल (मंगलवार) रात से जैसलमेर, बीकानेर, गंगानगर के एरिया में हल्की हवा चलने के साथ बादल छाने लगे। जैसलमेर में रात करीब 2 से 3 बजे के बीच कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हुई। श्रीगंगानगर के घड़साना, अनूपगढ़ के एरिया में आज (बुधवार) सुबह हल्की बारिश दर्ज हुई।जयपुर में गर्म होने लगे दिन
राजधानी जयपुर में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का (Rajasthan Weather Update) असर नहीं है। इस कारण यहां तापमान बढ़ रहा है। कल दिन में यहां अधिकतम तापमान 2.2 डिग्री बढ़कर 32.4 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ। दिन में तेज धूप से गर्मी होने के कारण दफ्तर, गाड़ियों में लोगों को एसी चलाना पड़ रहा है। शाम को भी सर्दी नहीं होने से लोगों को गर्म कपड़ों की जरूरत नहीं रही। जयपुर में सुबह न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा।इन शहरों में महसूस होने लगी गर्मी
- बाड़मेर में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। डूंगरपुर में भी पारा 34.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।- सबसे ज्यादा तापमान जोधपुर के पास फलोदी एरिया में रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ
- भीलवाड़ा, कोटा, जोधपुर, बारां, जालोर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
- करौली, उदयपुर, अजमेर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।