Jaipur: सीएम भजनलाल शर्मा (CM Bhajanlal) अपनी कैबिनेट के साथ अयोध्या में रामलला के दर्शन करेंगे। सीएम भजनलाल शर्मा सोमवार सुबह 8:05 पर जयपुर से दो चार्टर प्लेन के जरिए पूरी कैबिनेट, विधायक, सांसद और पार्टी पदाधिकारियों के साथ अयोध्या रवाना हुए। सुबह 9:35 बजे अयोध्या पहुंचे। इस मौके पर सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि आज बड़ी प्रसन्नता हो रही है, पहले कई बार अयोध्या गया तो रामलला के दर्शन मुझे टेंट में करने पड़े। हम सौभाग्यशाली हैं कि आज हमें रामलला के दर्शन भव्य और दिव्य मंदिर में होंगे। राम हमारे रोम-रोम में हैं, राम हमारी आस्था के ही नहीं बल्कि हमारे राष्ट्र के, पूरी दुनिया के आराध्य हैं। रामलला के दर्शन के लिए हमारी पूरी कैबिनेट हमारे सभी विधायक और सांसद आज दर्शन का लाभ लेंगे। हम राजस्थान और देश की खुशहाली की कामना करेंगे। हमारा प्रदेश और हमारा देश 21वीं सदी में दुनिया का सिरमौर बने यही रामलला से प्रार्थना करेंगे।
लोकसभा के पहले क्या संदेश देना चाहती हैं बीजेपी?
बीजेपी लोकसभा चुनावों में राम मंदिर के मुद्दे को भुनाने की कोशिश में लगी है। यही वजह है कि बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री अपनी कैबिनेट के साथ अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। राजस्थान से पहले मध्यप्रदेश के सीएम मोहन यादव भी अपनी कैबिनेट के साथ अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन कर चुके हैं। बीजेपी अलग-अलग राज्यों में इस तरह की कवायद के जरिए हिन्दुत्व का मैसेज देना चाहती है, जिससे चुनाव में इसका सीधा लाभ मिल सके। अब तक बीजेपी राम मंदिर बनाने के नाम पर जनता से समर्थन मांगती आई, लेकिन अब राम मंदिर बनने के बाद इसका श्रेय लेने में भी पीछे नहीं रहना चाहती है।
अयोध्या पहुंचकर कार्यक्रम में हुए शामिल
इसी क्रम में सोमवार को सीएम भजनलाल शर्मा (CM Bhajanlal) अपनी कैबिनेट, विधायक, सांसद, पार्टी पदाधिकारियों के साथ सुबह अयोध्या के लिए जयपुर से रवाना हुए। सीएम भजनलाल शर्मा अयोध्या पहुंचकर एक कार्यक्रम में भी शामिल हुए। इस दौरान उनके साथ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी भी मौजूद रहे। सीएम दोपहर 2:25 से 3:25 के बीच पूरी कैबिनेट के साथ रामलला के दर्शन करेंगे। इसके बाद शाम 5 बजे अयोध्या से जयपुर के लिए रवाना होंगे।
सीएस सुधांश पंत और सीएमओ के अधिकारी भी गए साथ
सीएम भजनलाल शर्मा के साथ बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, 57 विधायक, 8 सांसद, 16 बीजेपी पदाधिकारी, मुख्य सचिव सुधांश पंत, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव शिखर अग्रवाल और सीएमओ के अधिकारी अयोध्या गए हैं। सीएम भजनलाल शर्मा के साथ बीजेपी विधायकों के अलावा निर्दलीय विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, प्रियंका चौधरी व अन्य निर्दलीय विधायक भी अयोध्या गए हैं। हालांकि उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी व्यस्तता के चलते अयोध्या नहीं गई हैं।
ओम बिरला बोले- रामलला के दर्शन का सौभाग्य मिल रहा
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा- श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन का सौभाग्य मिला है। भगवान राम का जीवन, उनके आदर्श आज हमें प्रेरणा देते हैं।
हमने जो ईंटों की पूजा की थी, वह साकार हुआ- देवनानी
अयोध्या एयरपोर्ट पर राजस्थान विधानसभा के स्पीकर वासुदेव देवनानी ने कहा कि हम वर्षों से आंदोलन करते थे, हमने जो ईंटों की पूजा की थी, वह साकार हुआ। अब दर्शन करने का अवसर मिला है। राजस्थान का अयोध्या से बहुत पुराना रिश्ता है। सनातन और संस्कृति में इसका उल्लेख है। राजस्थान की वीर भूमि से प्रभु श्रीराम का पुराना नाता रहा है। यह केवल मंदिर ही नहीं, विश्व का सबसे बड़ा सांस्कृतिक केंद्र बनने जा रहा है। सारा विश्व इससे आध्यात्मिक चेतना भी लेगा। इस मंदिर में सिर्फ हिंदू नहीं, विश्व के सभी धर्म के लोग यहां आकर प्रेरणा लेंगे। भारत का विश्व गुरु का जो स्थान था, जल्द ही पीएम मोदी के नेतृत्व में फिर से विश्व गुरु का दर्जा मिल जाएगा।
माहेश्वरी समाज की धर्मशाला के भूमि पूजन किया
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और सीएम भजनलाल शर्मा (CM Bhajanlal) ने अयोध्या के दशरथ कुंड पर 100 करोड़ से बनने वाली माहेश्वरी समाज की धर्मशाला का भूमि पूजन किया। यह धर्मशाला 80 हजार वर्ग फीट की होगी। इसमें 300 कमरे होंगे। भोजनालय, योगा हाल, हॉस्पिटल, लाइब्रेरी के साथ मंदिर भी रहेगा। सरस्वती देवी शिव किशन दामानी भवन का भूमि पूजन और शिलान्यास कार्यक्रम श्री अखिल भारतीय महेश्वरी सेवा सदन के संयोजन में किया गया। शिलान्यास कार्यक्रम में जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास, कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देवगिरी, राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, पूर्व चेयरमैन मुंबई स्टॉक एक्सचेंज आनंद राठी भी मौजूद रहे।