Jaipur: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की राजस्थान यात्रा (President Murmu) का आज दूसरा दिन है। उदयपुर से हेलिकॉप्टर से बेणेश्वर धाम पहुंचीं राष्ट्रपति ने टापू पर स्थित हरि मंदिर में दर्शन किए। असम के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया, सीएम भजनलाल ने भी हरि मंदिर में दर्शन किए। मंदिर के महंत अच्युतानंद महाराज ने स्वागत किया। यहां महंत ने संत मावजी महाराज की भविष्यवाणियों को लेकर राष्ट्रपति को जानकारी दी। बेणेश्वर धाम सोम, माही और जाखम नदियों के संगम पर एक टापू है। यहीं लखपति दीदी कार्यक्रम में राष्ट्रपति पहुंची हैं।
आदिवासी महिलाओं को करेंगी सम्मानित
जयपुर एयरपोर्ट से दोपहर वे विशेष विमान से उदयपुर डबोक एयरपोर्ट पहुंचीं। यहां से हेलिकाप्टर से दोपहर 2.14 बजे डूंगरपुर के बेणेश्वर धाम हेलिपैड पर पहुंचीं। यहां पहुंचने पर संभागीय आयुक्त नीरज के पवन और कलेक्टर अंकित कुमार सिंह ने राष्ट्रपति का स्वागत किया। यहां से राष्ट्रपति मुर्मू हरि मंदिर के लिए रवाना हो गईं। जहां महंत अच्युतानंद महाराज उनसे भेंट की। राष्ट्रपति बेणेश्वर धाम में राजीविका की ओर से लखपति दीदी योजना के तहत महिला सम्मेलन में भाग ले रही हैं। वे आदिवासी महिलाओं को सम्मानित करेंगी।
लखपति दीदी सम्मेलन में हैं मुख्य अतिथि
राष्ट्रपति बेणेश्वर धाम पर राजस्थान के विभिन्न स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी आदिवासी महिलाओं के लखपति दीदी सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि भाग ले रही हैं। सम्मेलन में सखियों को मुख्यमंत्री द्वारा प्रत्येक को 11 हजार नकद पुरस्कार के तहत राष्ट्रपति द्वारा 250 करोड़ ऋण (उपहार चैक), महिला निधि के तहत 50 करोड़ के चेक वितरण के बाद असम के राज्यपाल और उसके बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री का संबोधन होगा। इसके बाद राष्ट्रपति संबोधित करेंगी। इसके बाद शाम को 5 बजे के करीब वे उदयपुर के लिए रवाना होंगी।
तीन नदियों के संगम पर बना है बेणेश्वर धाम
डूंगरपुर का बेणेश्वरधाम राजस्थान का ऐसा स्थान जहां तीन नदियों (President Murmu) के संगम स्थल पर बना टापू महज एक पर्यटक स्थल ही नहीं है, बल्कि आस्था का केन्द्र भी है। माघ माह में यहां लाखों लोग दर्शन और पवित्र स्नान के लिए आते हैं। यह एक ऐसा स्थान है, जो आदिवासी संस्कृति से जुड़े इतिहास की वजह से दुनियाभर में पहचान रखता है। बांसवाड़ा जिला मुख्यालय से यह 45 किलोमीटर दूर स्थित है। मान्यताओं के अनुसार माघ मेला करीब 300 वर्ष से हो रहा है।
मेहंदीपुर बालाजी मंदिर के दर्शन करने वाली पहली राष्ट्रपति
बेणेश्वर धाम से पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन किए। वे देश की पहली राष्ट्रपति हैं जिन्होंने मेहंदीपुर बालाजी मंदिर के दर्शन किए हैं। इनसे पहले तत्कालीन उपराष्ट्रपति भैरोसिंह शेखावत भी बालाजी के दर्शन करने आ चुके हैं। ऐसे में राष्ट्रपति के यात्रा कार्यक्रम को लेकर बालाजी मंदिर में विशेष बंदोबस्त किए गए। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर मंदिर के बाहर रेड कॉरपेट बिछाई गई। गर्भगृह को फूलों से सजाया गया। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर हथियारबंद जवानों ने कस्बे में गश्त की।
सीएम भजनलाल ने की अगवानी
इससे पहले मंगलवार को राष्ट्रपति जयपुर पहुंचीं। यहां सीएम भजनलाल शर्मा (President Murmu) ने उनकी अगवानी की। इसके बाद राष्ट्रपति सीधे राजभवन पहुंचीं, जहां उन्होंने राज्यपाल कलराज मिश्र से मुलाकात की। मिश्र का हाल ही ऑपरेशन हुआ है, वे अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद आराम कर रहे हैं।