Jaipur: पीएम मोदी (PM Modi) ने शुक्रवार रात अपने एक्स (ट्वीटर) अकाउंट पर जयपुर में फ्रांस के राष्ट्रपति के साथ रोड शो का एक वीडियो शेयर किया। 3 मिनट 17 सेकेंड के वीडियो को शेयर करते हुए मोदी ने लिखा- जयपुर में राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का यादगार स्वागत किया गया। पीएम मोदी के इस वीडियो पर कुछ ही घंटों में लाखों व्यूज आ गए। वीडियो की शुरुआत चारदीवारी में लगे मोदी-मैक्रों के होर्डिंग्स-पोस्टर से हो रही है। फिर सीधे मोदी-मैक्रों के रोड शो को दिखाया जाता है। इसके बाद काफी देर तक वीडियो में जयपुर शहर के लोगों के उत्साह को दिखाया गया है। वीडियो में लोग मोदी-मोदी के नारे लगाते हुए भी सुनाई दे रहे हैं।
छोटी बच्ची ने फ्रांस के राष्ट्रपति को दिया फ्लाइंग किस
वीडियो में दिखाया गया कि जब मोदी-मैक्रों रोड शो पर निकले थे। उस समय एक छोटी बच्ची ने फ्रांस के राष्ट्रपति को फ्लाइंग किस दिया। इसका जवाब राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भी मुस्कुराते हुए फ्लाइंग किस के साथ ही दिया। वहीं वीडियो में बीच-बीच में भारत और फ्रांस की दोस्ती को प्रदर्शित करते हुए लगाए गए होर्डिंग्स, पीएम मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों के पोस्टर हाथ में लिए हुए लोगों को दिखाया गया। इसके बाद हवामहल को निहारते हुए मोदी-मैक्रों के वीडियो व फोटो शूट को वीडियो में बताया गया है। इसके अलावा हैंडीक्राफ्ट की शॉप पर पीएम मोदी, राष्ट्रपति मैक्रों को किस तरह से राम मंदिर, यूपीआई पेमेंट के बारे में बता रहे हैं। इसे भी दिखाया गया है। वहीं दोनों को चाय पीते हुए और चाय पर चर्चा करते हुए भी दिखाया गया।
जयपुर का बिड़ला मंदिर में वीडियो में दिखा बेहद सुंदर
वीडियो में रोड शो खत्म करते हुए जब मोदी (PM Modi) और मैक्रों सांगानेरी गेट से बाहर निकलते हैं, उसे बड़ी ही खूबसूरती के साथ दिखाया गया हैं। इसके अलावा जब दोनों का काफिला होटल रामबाग के लिए निकलता है, उस दौरान दोनों की कार में बातचीत को दिखाते हुए जयपुर के मोती डूंगरी किले और जगमगाते बिड़ला मंदिर को भी वीडियो में जगह दी गई है।
पधारो म्हारे देश के गाने से हुआ वीडियो खत्म
वीडियो के अंत में होटल रामबाग का सीन है, जिसमें रेड कारपेट पर चलते हुए पीएम मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों होटल में एंट्री करते हुए दिखाई देते हैं। वहीं उनके दोनों तरफ राजस्थानी लोक कलाकार पधारो म्हारे देश गीत पर परफॉर्मेंस देते हुए दिखाई दे रहे हैं। पूरे वीडियो में एक जैसी म्यूजिकल धुन सुनाई देती है, लेकिन वीडियो का अंत पधारो म्हारे देश सॉन्ग से किया जाता है।
25 जनवरी को हुआ था मोदी-मैक्रों का रोड शो
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और पीएम मोदी 25 जनवरी को जयपुर पहुंचे थे। यहां राष्ट्रपति मैक्रों ने आमेर महल देखा था। उन्होंने करीब 2 घंटे आमेर महल में बिताए थे। उसके बाद जंतर-मंतर पर पीएम मोदी ने राष्ट्रपति मैक्रों की अगवानी की थी। यहां दोनों ने साथ में करीब 30 मिनट जंतर-मंतर देखा और यहां लगे यंत्रों के बारे में जाना।
ओपन कार में निकाला रोड शो
इसके बाद दोनों ओपन कार में सवार होकर रोड शो करते हुए निकले। इनका रोड शो त्रिपोलिया गेट से होकर बड़ी चौपड़ पहुंचा था। यहां दोनों ने हवामहल देखा और फोटो शूट करवाया था। यहां हैंडीक्राफ्ट की दुकान पर शॉपिंग और प्रसिद्ध साहू की चाय भी पी। इसके बाद दोनों का रोड शो फिर शुरू हुआ, जो जौहरी बाजार होते हुए सांगानेरी गेट जाकर खत्म हुआ। यहां से मोदी-मैक्रों होटल रामबाग पहुंचे थे, जहां दोनों ने साथ में डिनर किया था। इसके बाद दोनों जयपुर से दिल्ली रवाना हो गए थे।