Jaipur: राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (Rajasthan Cricket Association) को 8 अप्रैल को नया अध्यक्ष मिल जाएगा। RCA के मुख्य चुनाव अधिकारी सुनील अरोड़ा ने चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके तहत वोटर लिस्ट पर आपत्ति के बाद फाइनल वोटर लिस्ट जारी की जाएगी। इसके बाद नामांकन, स्क्रूटनी और नाम वापसी के बाद 8 अप्रैल को वोटिंग और उसके बाद रिजल्ट जारी होगा। आरसीए के अध्यक्ष पद पर हेल्थ मिनिस्टर गजेंद्र सिंह खींवसर के बेटे धनंजय सिंह खींवसर की ताजपोशी तय मानी जा रही है। हालांकि RCA पदाधिकारियों की लिस्ट से बीजेपी नेता पराक्रम सिंह और बृज किशोर उपाध्याय का नाम हटाने की वजह से चुनाव के ऐलान के साथ ही विवाद शुरू हो गया है।
RCA का चुनावी कार्यक्रम
- 27 से 29 मार्च तक वोटर लिस्ट पर आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।
- 1 और 2 अप्रैल को वोटर लिस्ट की आपत्तियों पर सुनवाई होगी।
- 3 अप्रैल को फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी जाएगी।
- 4 अप्रैल को सुबह 11 से शाम 5 बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे।
- 5 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी।
- 6 अप्रैल को योग्य उम्मीदवारों की सूची जारी की जाएगी।
- 7 अप्रैल को शाम 5 बजे तक नाम वापसी हो सकेंगे।
- अगर अध्यक्ष पद के लिए एक ही नामांकन आया तो 7 अप्रैल को ही परिणाम आ जाएगा।
- एक से अधिक उम्मीदवार होने पर 8 अप्रैल को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 तक मतदान होगा।
- 8 अप्रैल को मतदान के ठीक बाद परिणाम जारी कर दिया जाएगा।
धनंजय सिंह के साथ पराक्रम सिंह भी राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष पद के दावेदार माने जा रहे थे, लेकिन पदाधिकारियों की लिस्ट से उनका नाम ही हटा दिया गया है। इसकी वजह से वह चुनाव में शामिल नहीं हो सकेंगे।
धनंजय सिंह की ताजपोशी तय
राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष पद (Rajasthan Cricket Association) के चुनाव के लिए हेल्थ मिनिस्टर गजेंद्र सिंह खींवसर के बेटे धनंजय सिंह खींवसर की ताजपोशी ताई मानी जा रही है। क्योंकि पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह और बीजेपी खेल प्रकोष्ठ के संयोजक बृज किशोर उपाध्याय का RCA पदाधिकारियों की लिस्ट से नाम हटाने के बाद धनंजय सिंह के सामने कोई मजबूत उम्मीदवार फिलहाल नजर नहीं आ रहा है। इसके साथ ही राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की मौजूदा कार्यकारिणी में अपना वर्चस्व रखने वाले भवानी सामोता और नागौर सेक्रेटरी राजेंद्र सिंह नांदू भी धनंजय सिंह के साथ खड़े नजर आ रहे हैं। इन दोनों की वजह से ही धनंजय सिंह को राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। वहीं अब यह दोनों अपने समर्थक जिला क्रिकेट संघों के साथ मिलकर धनंजय सिंह खींवसर को परमानेंट अध्यक्ष बनाने की रणनीति बनाने में जुटे हैं। भाजपा खेल प्रकोष्ठ के संयोजक और दौसा जिला क्रिकेट संघ के सेक्रेटरी बृज किशोर उपाध्याय ने चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह गलत बताया है।
RCA चुनाव की मौजूदा वोटर्स की लिस्ट
अजमेर से राजेश भडाना, अलवर से पवन गोयल, बांसवाड़ा से मनीष देव जोशी, बारां से अभिनव जैन, बाड़मेर से देवाराम चौधरी, भरतपुर से शत्रुघ्न तिवाड़ी, भीलवाड़ा से रामपाल शर्मा, बीकानेर से रतन सिंह, बूंदी से राजकुमार माथुर, चित्तौड़गढ़ से शक्ति सिंह, चूरू से सुशील शर्मा, दौसा से प्रदीप नागर, धौलपुर से सोमेंद्र तिवाड़ी, डूंगरपुर से सुशील जैन, हनुमानगढ़ से मनीष धारनिया, जयपुर से अमितराज, जैसलमेर से विमल शर्मा, जालोर से सतीश व्यास, झालावाड़ से फारुख, झुंझुनूं से राजेंद्र राठौड़, जोधपुर से शैतान सिंह, करौली से शिवचरण माली, कोटा से अमीन पठान, नागौर से राजेंद्र नांदू, पाली से धर्मवीर, प्रतापगढ़ से चंद्रेश आंजना, राजसमंद से गिरिराज सनाढ्य, सवाई माधोपुर से सुमित गर्ग, सीकर से सुभाष जोशी , सिरोही से संयम लोढ़ा, श्रीगंगानगर से विनोद सहारण, टोंक से विवेक व्यास और उदयपुर से महेंद्र शर्मा के नाम के साथ ही 2 पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी गगन खोड़ा और पंकज सिंह RCA की मौजूदा वोटर लिस्ट में शामिल हैं।