Jaipur: राजस्थान में अब सर्दी का पीक लगभग (Rajasthan Weather Update) खत्म हो गया है। आज से राज्य में दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी शुरू होने लगेगी। फरवरी के पहले सप्ताह में सुबह-शाम सर्दी, जबकि दिन में गर्मी का अहसास होने लगेगा। मौसम केन्द्र नई दिल्ली से जारी फोरकास्ट में फरवरी के पहले सप्ताह से तापमान सामान्य से ऊपर आने की संभावना जताई है। प्रदेश में आज मौसम की स्थिति देखें तो उत्तर भारत में वेर्स्टन डिर्स्टबेंस के आने से शहरों में सर्दी से हल्की राहत मिलनी शुरू हो गई। जयपुर, उदयपुर, बाड़मेर समेत कई शहरें में आज से तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई। इसके साथ ही कोहरे और कोल्ड-डे की स्थिति से भी थोड़ी राहत रही।
जयपुर में इतना रहा रात का तापमान
राजधानी जयपुर में आज रात का मिनिमम टेम्प्रेचर 3 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 9.5 पर आ गया। यहां आज सुबह और दिन की अपेक्षा ठंडक कम रही। सुबह से मौसम साफ रहा और धूप निकली। जयपुर में कल भी पूरे दिन धूप रही और अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा। उत्तरी राजस्थान में गंगानगर, हनुमानगढ़ के एरिया में आज सुबह और पिछले दिनों की तुलना में कम कोहरा रहा। बाड़मेर, जालोर के एरिया में सुबह आसमान में हल्के बादल रहे। जोधपुर, नागौर, पाली के एरिया में आसमान साफ रहा और धूप रही। बाड़मेर में आज न्यूनतम तापमान 10.3, कोटा में 9.5, जोधपुर में 9.4 और अजमेर में न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
माउंट आबू में पारा माइनस में
हिल स्टेशन माउंट आबू में शुक्रवार को भी तापमान (Rajasthan Weather Update) सुबह माइनस में रहा। माइनस 1.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने से यहां घास के मैदानों में बर्फ जमी दिखी। आबू में पिछले 4 दिन से तापमान जमाव बिंदु या उससे नीचे है। माउंट आबू के अलावा आज चूरू में भी सर्दी थोड़ी तेज रही, यहां आज न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।
फरवरी के पहले सप्ताह से बढ़ने लगेगा टेम्प्रेचर
मौसम केन्द्र नई दिल्ली से जारी 15 दिन के फोरकास्ट के मुताबिक राजस्थान में 2-3 फरवरी से तापमान सामान्य से ऊपर आने लगेंगे। कोल्ड-डे की स्थिति खत्म होगी। इसके अलावा राज्य में 8 फरवरी तक बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। फरवरी के पहले सप्ताह में सुबह-शाम सर्दी तेज रहेगी, जबकि दिन में लोगों को गर्म कपड़ों में तेज धूप के दौरान गर्मी का अहसास होना शुरू हो जाएगा।