Jaipur: राजस्थान में कल से बारिश और ओले गिरने (Rajasthan Weather Update) की संभावना है। जयपुर मौसम केन्द्र ने 19 और 20 फरवरी को जयपुर समेत 13 जिलों के में येलो अलर्ट जारी किया है। बारिश और ओले की संभावना को देखते हुए किसानों के लिए भी अलर्ट जारी किया गया है। अगर तैयार फसलें कटी हुई खेतों में या खुले स्थानों पर रखी हैं। उनको सुरक्षित स्टॉरेज में रखने का प्रबंध कर ले।
राजस्थान में हुई गर्म दिन की शुरूआत
वहीं, राजस्थान में अब दिन गर्म होने शुरू हो गए हैं। बाड़मेर में कल दिन का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, जालोर, जोधपुर, जैसलमेर में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक आ गया। सुबह-शाम अब भी सर्दी बरकरार है। सभी शहरों में मिनिमम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे है। 18 फरवरी की शाम से राज्य के मौसम में बदलाव आएगा। पश्चिमी विक्षोभ के असर से कल देर शाम से बीकानेर, गंगानगर, चूरू, जैसलमेर के एरिया में बादल छा सकते हैं। 19 फरवरी से राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ ओले गिर सकते हैं।
इन 10 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे
राज्य में आज दर्ज तापमान में 10 शहर ऐसे रहे जहां न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। इसमें चूरू, पाली, करौली, सिरोही, बारां, धौलपुर, सीकर, पिलानी, अलवर, भीलवाड़ा शामिल हैं। सबसे कम तापमान सीकर के फतेहपुर में 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। करौली में 6.1 और अलवर में 6.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।
जयपुर में दिन का तापमान बढ़ा
राजधानी जयपुर में सुबह-शाम सर्दी में कोई अंतर (Rajasthan Weather Update) नहीं आया, लेकिन दिन में हल्की गर्मी बढ़ी है। जयपुर में कल दिन का अधिकतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस बढ़कर 27 डिग्री से ऊपर चला गया। आज भी जयपुर में आसमान साफ है और धूप निकली। यहां आज न्यूनतम तापमान कल की तरह 12.4 डिग्री सेल्सियस ही रहा।
बाड़मेर में नवंबर बाद पहली बार पारा 32 पर
इस सर्दी के सीजन में बाड़मेर में दिसंबर के बाद पहली बार तापमान 32 डिग्री सेल्सियस पर आया है। कल यहां दिन का अधिकतम तापमान 1.1 डिग्री बढ़कर 32.1 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ। जैसलमेर में भी दिन में कल गर्मी थोड़ी ज्यादा रही, यहां तापमान 30.3, जालौर में 30.8, डूंगरपुर में 30.3, फलौदी में 30.2 और जोधपुर में 30 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
19-20 फरवरी को इन जिलों में बारिश का येलो अलर्ट
मौसम केन्द्र जयपुर ने 19 और 20 फरवरी को प्रदेश (Rajasthan Weather Update) के कई जिलों में बारिश और कुछ जगह ओले गिरने की संभावना जताई है। इसे लेकर मौसम केन्द्र ने 19 फरवरी को गंगानगर, नागौर, जोधपुर, हनुमानगढ़, चूरू, बीकानेर, सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, धौलपुर, दौसा, भरतपुर और अलवर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। 20 फरवरी को करौली, सवाई माधोपुर, नागौर, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, धौलपुर, दौसा, भरतपुर और अलवर जिलों में बारिश-ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है।