Jaipur: राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर (Rajasthan Weather Update) आज से खत्म हो गया है। अब कल से तापमान बढ़ने लगेगा। अगले चार-पांच दिन आसमान साफ रहने और कोई वेदर सिस्टम नहीं बनने से राज्य में गर्मी के तेवर तेज होंगे। इससे पहले कल उत्तर-पश्चिमी जिलों (जैसलमेर, चूरू, बीकानेर, बाड़मेर) में बादल छाए रहे। बारिश से पारा लुढ़का था। अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज हुआ।
अगले 4-5 दिन राजस्थान में मौसम शुष्क
मौसम केन्द्र जयपुर के सीनियर साइंटिस्ट हिमांशु शर्मा ने बताया- आज से अगले 4-5 दिन राजस्थान में मौसम शुष्क रहेगा। तेज धूप निकलेगी। तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। रात के तापमान की स्थिति पर नजर डाले तो गंगानगर, बीकानेर, फतेहपुर समेत अन्य शहरों में मिनिमम तापमान कल की तुलना में 2 डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिर गया। गंगानगर में तापमान 13.1, बीकानेर में 15.3, जोधपुर में 18.5 और कोटा में 18.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सीकर के फतेहपुर में भी कल हल्की बूंदाबांदी के असर से पारा एक डिग्री गिरकर 10.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
इस जिले में रहा सबसे अधिक तापमान
इससे पहले कल बुधवार को दिन में सबसे ज्यादा (Rajasthan Weather Update) तापमान बारां जिले में 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बारां के साथ फलौदी में तापमान 34.2 और डूंगरपुर में 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। उत्तर-पश्चिम के जिले जहां पिछले कुछ दिनों से तापमान 32 से लेकर 33 डिग्री सेल्सियस के बीच था, वह कल बादल छाने और बारिश होने के बाद गिरकर 30 डिग्री सेल्सियस तक आ गया। जैसलमेर-बीकानेर में कल दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री, जबकि गंगानगर-चूरू में तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
कल से बढ़ने लगेगी गर्मी
मौसम केन्द्र जयपुर के वैज्ञानिकों ने आज से राज्य में आसमान साफ रहने और अगले 4-5 दिन तेज धूप रहने की संभावना जताई है। मौसम साफ रहने से दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी अगले दो-तीन दिन में हो सकती है, जिससे गर्मी तेज होने लगेगी। विशेषज्ञों के मुताबिक राज्य में अब उत्तर-पश्चिम के बजाए पश्चिमी हवाओं का ज्यादा प्रभाव बढ़ने लगेगा है, जिससे दिन-रात के तापमान बढ़ने लगे है।