पीएम ने फ्रांस के राष्ट्रपति को हवामहल चौराहे पर पिलाई थी चाय
लोकसभा चुनावों से ठीक पहले पीएम नरेन्द्र मोदी ने जब फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को जयपुर में हवामहल के सामने चौराहे पर चाय पिलाई। सबने इसे केवल मेहमान नवाजी की एक परंपरा भर समझी, लेकिन भाजपा इसके जरिए एक बार फिर चाय को चर्चा में लाने में कामयाब रही। यह चुनाव प्रचार का बहुत बड़ा प्रयोग था। जब मैक्रों की यात्रा फाइनल हुई थी, तब भाजपा और सरकार के बीच कई तरह की बातों पर विचार किया गया। जयपुर में खाने-पीने की बहुत सी चीजों के कई प्रसिद्ध ब्रांड थे, लेकिन अंतत: उन्हें चाय पिलाने पर सहमति बनी वो भी आम आदमी की तरह सीधे सड़क पर। इसके लिए चौड़ा रास्ता (जयपुर) के प्रसिद्ध चाय वाले साहू रेस्टोरेंट का चयन किया गया था। मकसद साफ था कि लोगों की नजर आम आदमी में सबसे पॉपुलर चाय पर जाए।'चाय पर चर्चा' बन रहा बीजेपी के लिए कैंपेन
भाजपा आगामी लोकसभा चुनावों में एक बार फिर चाय (Rajasthan News) पर चर्चा के जरिए आम लोगों की नब्ज पर हाथ धरने की कोशिशों में जुटी है। इसके तहत न केवल बड़े नेता खुद चाय बना रहे हैं बल्कि अपने हाथों से आम लोगों को परोस भी रहे हैं। चाय पीते हुए उनके साथ बातचीत कर रहे हैं। हाल ही सीएम भजनलाल शर्मा, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत तक चाय की चुस्कियों के साथ राजनीतिक-सामाजिक चर्चाएं कर चुके हैं। चाय पर चर्चा के जरिए पीएम मोदी की योजनाओं की चर्चा और राजनीतिक दाव-पेंच पर बातचीत की ही जा रही है, साथ ही भाजपा के लिए फीडबैक भी लिया जा रहा है। ‘चाय पर चर्चा’ को बीजेपी बड़े कैंपेन में बदलने की तैयारी कर रही है।1. मुख्यमंत्री बनते ही भजनलाल ने प्रोटोकॉल छोड़ बनाई चाय
मुख्यमंत्री बनने के दो-तीन बाद जब भजनलाल शर्मा अपने गृह जिला भरतपुर क्षेत्र के दौरे पर गए थे, तब वे रास्ते में एक स्थान पर तमाम प्रोटोकॉल को साइड में कर एक चाय वाले की दुकान पर काफिला रोका। उनके साथ पार्टी के पदाधिकारी भी थे। चाय की दुकान पर उन्होंने स्वयं चाय भी बनाई। इसका एक वीडियो उनके X (ट्विटर) हैंडल पर शेयर किया गया।2. केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने 30 जनवरी को जोधपुर में ईआरसीपी के मुद्दे पर चाय पर चर्चा की
ईस्टर्न राजस्थान कैनाल प्रोजेक्ट (ईआरसीपी) राजस्थान में बड़ा राजनीतिक मुद्दा रहा है। हाल ही जब इस मुद्दे पर केन्द्र सरकार, मध्यप्रदेश और राजस्थान सरकार के बीच समझौता हो गया। इस समझौते को करवाने वाले केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत 30 जनवरी को जोधपुर पहुंचे। वहां शेखावत ने विद्याशाला स्कूल के पास स्थित एक चाय की दुकान पर जाकर चाय पी। ईआरसीपी के मुद्दे पर चर्चा की। स्थानीय लोगों से उनके हालचाल जाने। उसके बाद केन्द्र व राज्य सरकारों के स्तर पर क्या-क्या और कार्य किए जाएं पर लोगों से विचार-विमर्श भी किया।3. चांदपोल क्षेत्र में सांसद रामचरण बोहरा ने स्वयं चाय बनाकर लोगों को पिलाई
25 जनवरी की देर शाम जयपुर शहर सांसद रामचरण बोहरा चांदपोल क्षेत्र में पहुंचे। वहां उन्होंने क्षेत्रीय नागरिकों के साथ अयोध्या में राम मंदिर निर्माण सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। स्वयं ही चाय बनाई और अपने हाथों से लोगों को परोसी। सांसद रामचरण बोहरा ने भास्कर को बताया कि चाय एक जन ऐसा पेय है, जिसे वीआईपी से लेकर आम लोग भी इसे पीते हैं। राजनीति में फीडबैक का खास महत्व होता है। चाय पर चर्चा करते हुए हमारे देश में हर व्यक्ति राजनीति पर बातचीत जरूर करता है। ऐसे में जो जानकारी चाय की दुकान पर मिल सकती है, वो किसी और जगह पर नहीं मिलती।सरकार की विभिन्न योजनाओं पर भी लिया फीडबैक
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सी. पी. जोशी, उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, विधायक रामनिवास वर्मा (निवाई), अजमेर नगर निगम के उप महापौर नीरज जैन, पार्षद धीरज शर्मा (जयपुर) आदि ने भी हाल ही चित्तौड़गढ़, भरतपुर, अजमेर, निवाई (टोंक) आदि शहरों में जाकर चाय पर चर्चा की। उन्होंने इस अवसर पर लोगों से केन्द्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं पर फीडबैक भी लिया।चाय पर चर्चा के लिए मुद्दे भी पहले से तय
भाजपा के मंत्री, विधायक, सांसद व पदाधिकारी चाय (Rajasthan News) पर चर्चा के दौरान कौनसे मुद्दों पर स्थानीय लोगों से बातचीत करेंगे यह पहले ही तय हो गया था। इनमें ऐसे मुद्दे शामिल किए गए हैं जो राजनीतिक दृष्टि से भाजपा के लिए बहुत खास हैं। नेताओं को यह भी समझाया गया है कि इन मुद्दों की शुरुआत बातचीत में कैसे करनी है।- स्थानीय नागरिकों से हंसी-मजाक, उनके घर परिवार का हालचाल जानना है।
- क्षेत्र के छोटे कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाना। उनकी लोगों के बीच सराहना करना, ताकि वे पार्टी के लिए जी-जान से जुटें।
- अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और उससे बढ़ने वाली पर्यटन व आर्थिक विकास पर चर्चा।
- ईआरसीपी, हिजाब प्रकरण, भजनलाल सरकार की परफॉर्मेंस, राजनेताओं के बयान, राहुल गांधी की यात्रा, कांग्रेस की रणनीति, लोकसभा चुनाव आदि।
- पीएम मोदी और उनके द्वारा पाकिस्तान पर की गई सर्जिकल स्ट्राइक, कश्मीर से धारा-370 को हटाने, नारी शक्ति वंदन कानून के तहत महिलाओं को संसद व विधानसभाओं में आरक्षण देने सहित विभिन्न मुद्दों पर किए गए फैसलों पर चर्चा करनी है।