Jaipur: लोकसभा चुनाव की तारिखों का ऐलान (Umedaram Beniwal) आज हो जाएगा। इसके पहले सियासी गलियारों में हल-चल तेज हो गई हैं। दरअसल कुछ दिनों पहले ही राहुल कंस्वा बीजपी छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए थे। और अब इसी कड़ी में बाड़मेर के बायतू से दो बार विधानसभा चुनाव लड़ चुके उम्मेदाराम बेनीवाल ने राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) से इस्तीफा दे दिया है। उम्मेदाराम आज दोपहर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस जॉइन करेंगे। बेनीवाल के साथ कई और नेता भी आज कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। उम्मेदाराम बेनीवाल कांग्रेस विधायक हरीश चौधरी से केवल 910 वोटों से हारे थे। उम्मेदाराम के कांग्रेस के साथ आने से बाड़मेर जिले के सियासी समीकरण बदलेंगे। हनुमान बेनीवाल की पार्टी आरएलपी का वे बाड़मेर में प्रमुख चेहरा थे और उन्होंने लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू कर दी थी। कांग्रेस अब बाड़मेर से उम्मेदाराम बेनीवाल को लोकसभा का टिकट दे सकती है।
RLP के साथ गठबंधन को लेकर कई नेता कर रहे विरोध
आरएलपी के साथ गठबंधन को लेकर बाड़मेर में हरीश चौधरी और कई नेता विरोध कर रहे थे। बाड़मेर सीट के कारण ही गठबंधन को लेकर पेच फंस रहा था। कांग्रेस ने बाड़मेर में आरएलपी से गठबंधन करने की जगह उनके लोकसभा उम्मीदवार को ही कांग्रेस में शामिल कर लिया है। एक रणनीति के तहत ऐसा किया गया है।
उम्मेदाराम ने हनुमान बेनिवाल का जताया आभार
उम्मेदाराम बेनीवाल ने लिखित बयान जारी आरएलपी (Umedaram Beniwal) से इस्तीफे की घोषणा की और हनुमान बेनीवाल का आभार जताया। उम्मेदाराम बेनीवाल ने बयान में कहा- आप सब की भावनाओं के अनुरूप, मैं सार्वजनिक जीवन का एक बड़ा फैसला लेने जा रहा हूं। राजनीतिक कारणों के चलते आज इसी समय, मैं राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहा हूं। बेनीवाल ने आगे लिखा- राष्ष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल और पार्टी परिवार के प्रत्येक सदस्य का आभार प्रकट करता हूं, जिन्होंने मुझे दिल्ली पुलिस कॉन्स्टेबल पद की सेवा देने वाले सामान्य व्यक्ति को पार्टी परिवार में शामिल कर 2018 से राजनीतिक जीवन में आम जनता की सेवा करने का अवसर दिया। बायतू विधानसभा चुनाव 2018 और 2023 में पार्टी ने मुझे प्रत्याशी बनाया दोनों चुनाव में पार्टी कार्यकर्ताओं की अथक परिश्रम के उपरांत भी चुनाव परिणाम पक्ष में नहीं रहे। पंचायतीराज चुनाव-2020 में मुझे पार्टी परिवार ने जिला परिषद सदस्य का चुनाव लड़ाया, जिसमें जनता ने निर्णय पक्ष में दिया, सबका आभारी रहूंगा। मैं प्रत्येक कार्यकर्ता को विश्वास दिलाता हूं कि आपके मान-सम्मान की रक्षा सदैव करता रहूंगा।
कांग्रेस दूसरे दलों से आए नेताओं को दे रही मौका
कांग्रेस इस बार कई सीटों पर दूसरे दलों से नेताओं (Umedaram Beniwal) को शामिल करके टिकट दे रही है। चूरू से बीजेपी से टिकट कटने के बाद राहुल कस्वां को पार्टी में शामिल कर उम्मीदवार बनाया है। अब बाड़मेर सीट पर उम्मेदाराम बेनीवाल का टिकट तय माना जा रहा है। चूरू और बाड़मेर दोनों सीटों पर कांग्रेस सहयोगी दलों के साथ गठबंधन पर बात कर रही थी, लेकिन बदले हुए हालात में गठबंधन की जगह दूसरे दलों से नेताओं को शामिल करके रणनीति बदल दी।